श्री महालक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर में तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न: देवउठनी एकादशी पर निकली दिव्य यात्रा, उमड़े श्रद्धालु

विविध

आगरा। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में श्री तुलसी शालिगराम विवाह समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। मांगलिक गीतों, भक्ति संगीत और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी मैया और भगवान शालिगराम का विवाह संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भव्य दिव्य यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ शामिल हुए। घूंघट की ओट में सजी-संवरी सकुचाती तुलसी मैया के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे। विवाह की रस्मों के दौरान मंदिर परिसर मंगल गीतों और जयकारों से गूंज उठा।

विवाह समारोह में कन्या पक्ष की ओर से मनीष गोयल सीए, ग्वाल एवं मोनिका अग्रवाल ने कन्यादान की रस्म निभाई, जबकि वर पक्ष की ओर से राजेश अग्रवाल एवं अंजू अग्रवाल ने विवाह की रस्मों में सहभागिता की।

श्रद्धालुओं ने नवविवाहित तुलसी मैया और भगवान शालिगराम के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।