आगरा। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर, रावत पाड़ा में तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह महिला मंडल द्वारा श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान शालिग्राम की भव्य वरयात्रा श्री मनः कामेश्वर मठ मंदिर परिक्रमा मार्ग से निकाली गई। विवाह की पारंपरिक रस्मों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी और शालिग्राम का विवाह संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में मंगल गीतों, भक्ति संगीत और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने विवाह की विभिन्न रस्मों में सहभागी बनकर कन्यादान, पूजन और मंगल उत्सव की परंपराओं का भावपूर्ण निर्वहन किया।
देवउठनी एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम विवाह का विशेष महत्व
महंत योगेश पुरी ने देवउठनी एकादशी और तुलसी-शालिग्राम विवाह के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तुलसी-शालिग्राम विवाह भगवान विष्णु और माता तुलसी के दिव्य मिलन का प्रतीक है। सनातन परंपरा में इस विवाह को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। जो श्रद्धालु श्रद्धा और विधि-विधान से तुलसी-शालिग्राम विवाह में सहभागी बनते हैं, उन्हें भगवान का आशीर्वाद प्राप्त होता है। यह पर्व परिवार में सुख-समृद्धि, मंगल और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देता है।
मठ मंदिर प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि तुलसी-शालिग्राम विवाह जैसे आयोजन नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। मंदिर परिवार का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु इन आयोजनों में सहभागी बनकर धर्म और भक्ति के भाव को आत्मसात करे।
आयोजन के मुख्य यजमान राहुल गुप्ता एवं नीलिमा गुप्ता रहे। इस अवसर पर दीप्ति गर्ग, कुमकुम, अनुभा, रानी, शिमला, अन्ना, रीता, नीता, रिंकी, दीपिका, मंजू, सुषमा, अंजू, रेखा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।


