राजधानी लखनऊ की दुखद घटना बनी राजनीतिक अखाड़ा: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- अखिलेश जी, लाशों पर राजनीति न करें…

Politics

​लखनऊ: राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड ने जहाँ पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है, वहीं इस त्रासदी पर अब तीखी राजनीति शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सरकार पर निशाना साधे जाने के बाद, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन पर जोरदार पलटवार किया है। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक स्वयं मौके पर पहुँचे और बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग की। उन्होंने न केवल घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की, बल्कि मृतकों के अंतिम संस्कार में भी शामिल होकर शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। मंगलवार शाम को केजीएमयू (KGMU) पहुँचकर उन्होंने घायलों का हाल-चाल जाना।

​अखिलेश यादव द्वारा सरकार की घेराबंदी किए जाने पर ब्रजेश पाठक ने कड़े शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से कहा, “अखिलेश यादव जी, लखनऊ की यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इसमें 15 लोगों ने अपनी जान गंवाई है, ऐसे समय में राजनीति करना शोभा नहीं देता।”

​डिप्टी सीएम ने इस पूरी इमारत के निर्माण को लेकर सपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “यह बिल्डिंग आपकी सरकार के समय में हुए भ्रष्टाचार का एक जीता-जागता नमूना है। आपकी ही सरकार के कार्यकाल में इस इमारत का अवैध निर्माण हुआ, फिर इसे सील किया गया और आपकी ही सरकार में उस सील को खुलवा दिया गया।”

ब्रजेश पाठक ने सरकार का पक्ष रखते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अग्निकांड के लिए जो भी जिम्मेदार होंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, इस घटना के बाद से राजधानी में प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है और अवैध निर्माणों के खिलाफ जाँच का दायरा बढ़ने के आसार हैं।