आगरा: ताजनगरी के व्यापारिक जगत ने एक बार फिर टीएन अग्रवाल के नेतृत्व पर अपनी मुहर लगा दी है। सोमवार को रामलीला मैदान स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित आगरा व्यापार मंडल के तृतीय वार्षिक चुनाव में टीएन अग्रवाल को लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वहीं, अशोक मंगनानी को दूसरी बार संगठन के महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्विरोध चुने गए पदाधिकारी, व्यापारियों ने की पुष्प वर्षा
चुनाव प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी भगवान दास बंसल और विष्णु दयाल बंसल की देखरेख में संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए राजीव गुप्ता ने टीएन अग्रवाल का नाम प्रस्तावित किया, जिसका जयप्रकाश अग्रवाल ने समर्थन किया। वहीं, महामंत्री पद के लिए जय पुरुषनानी के प्रस्ताव पर महावीर मंगल ने अपनी सहमति दी। किसी अन्य नामांकन के न होने के कारण दोनों को सर्वसम्मति से विजयी घोषित कर दिया गया। जीत की घोषणा होते ही व्यापारियों ने 25 किलो फूलों की माला पहनाकर अपने नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
तीन साल का लेखा-जोखा और भविष्य की रणनीति
नवनिर्वाचित अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए पिछले तीन वर्षों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने कहा, “व्यापारियों के हितों की रक्षा और सरकार के साथ बेहतर समन्वय हमारी प्राथमिकता रही है।” कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने भी पिछले तीन साल के आय-व्यय का ब्योरा रखा और रक्तदान शिविर जैसे सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा की।
होली मिलन में दिखा उत्सव जैसा माहौल
चुनाव के साथ-साथ आयोजित होली मिलन समारोह ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। व्यापारियों ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा की और चंदन लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा कि व्यापार मंडल शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और संगठन की मजबूती से ही समस्याओं का समाधान संभव है।
कार्यक्रम में राजेश अग्रवाल, श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, मनोज अग्रवाल (पाली भाई), राकेश बंसल, राजेश सिंघल, संदीप गुप्ता, साहूकार सिंह चाहर सहित शहर के तमाम दिग्गज व्यापारी नेता मौजूद रहे।

