कोलकाता में वृद्ध की हत्या कर 5 किलो सोना लूट कर भाग रहे तीन बदमाश आगरा में गिरफ़्तार

Crime

आगरा। कोलकाता में गत 27 फरवरी को एक वृद्ध की हत्या कर 5 किलो सोना लूट कर यूपी की ओर भागे तीन बदमाशों को फतेहाबाद पुलिस तथा एटीएस की संयुक्त कार्यवाही में फतेहाबाद के अवंती बाई चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 5 किलो 116 ग्राम सोना बरामद किया गया है। इस दौरान कोलकाता पुलिस भी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मौजूद रही।

इस संदर्भ में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि गत 27 फरवरी को शिव टोला स्ट्रीट कोलकाता से 3 लोगों ने एक 61 वर्षीय वृद्ध की हत्या कर दी थी और 5 किलो 116 ग्राम सोना लूट कर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना पोस्ता कोलकाता में लूट हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपियों के आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद ,मेरठ भाग जाने की आशंका जताते हुए कोलकाता पुलिस द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस से मदद ली गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा में अलर्ट जारी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस काम में फतेहाबाद पुलिस तथा एटीएस की आगरा अलीगढ़ यूनिट को काम पर लगाया गया। इस दौरान कोलकाता पुलिस भी लगातार बदमाशों का पीछा कर रही थी।

मंगलवार को फतेहाबाद के अवंती बाई चौक से पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 5 किलो 116 ग्राम सोना, दो मोबाइल, एक अंगूठी तथा ₹2910 नकद बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम करण वर्मा पुत्र राकेश निवासी विजय नगर गाजियाबाद, सुशील कुमार पुत्र कालू सिंह निवासी सरधना मेरठ, रूप किशोर पुत्र सूरजपाल निवासी मोहल्ला सिकरवार खैर अलीगढ़ बताया। इस दौरान पुलिस ने तीनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।