‘भारत जोड़ो यात्रा’ में सुरक्षा के पुख्ता उपाय किए, जरा भी चूक नहीं हुई: जम्मू-कश्मीर पुलिस

National

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि आयोजकों द्वारा 1 किमी की यात्रा करने के बाद यात्रा को बंद करने पर कोई निर्णय लेने से पहले पुलिस से बातचीत नहीं की गई थी। कश्मीर जोन पुलिस ने कहा कि आगे की यात्रा शांतिपूर्वक जारी रही। सुरक्षा में जरा भी चूक नहीं हुई। हम फुलप्रूफ सुरक्षा मुहैया कराएंगे।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि आयोजकों द्वारा जिन लोगों को अनुमति दी गई थी, केवल उन्हें ही चेकिंग के बाद यात्रा रूट पर अनुमति दी गई। भारत जोड़ो यात्रा के आयोजकों ने बनिहाल से यात्रा में शामिल होने वाले लोगों की बड़ी भीड़ के बारे में सूचित नहीं किया था।

पुलिस की सुरक्षा-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई: राहुल गांधी

इससे पहले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आज यात्रा के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई। टनल से निकलने के बाद पुलिसकर्मी नहीं दिखे। मेरे सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि हम और नहीं चल सकते। मुझे अपनी यात्रा रोकनी पड़ी बाकी लोग यात्रा कर रहे थे। भीड़ को काबू करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

एजेंसियों ने सुरक्षा-व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया: केसी वेणुगोपाल

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यहां संबंधित एजेंसियों ने सुरक्षा-व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया है। पिछले 15 मिनट से यहां भारत जोड़ो यात्रा के साथ कोई सुरक्षा अधिकारी नहीं है। यह एक गंभीर चूक है। राहुल गांधी और अन्य यात्री बिना किसी सुरक्षा के नहीं चल सकते।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहा: रजनी पाटिल

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। पाटिल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा को सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहा है। सुरक्षा चूक केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के अनुचित और अप्रस्तुत रवैये का संकेत देती है।

Compiled: up18 News