आगरा: नाव पर सवार युवक पैर फिसलने से नदी में गिरा, 24 घंटे बाद नहीं लगा सुराग

स्थानीय समाचार

आगरा। यमुना नदी को पार करते समय नाव पर सवार एक युवक का पैर फिसल गया और नदी में गिर गया। पानी में लापता हुए युवक को खोजने के लिए स्थानीय गोताखोरों द्वारा तलाश की गई है। 24 घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है न ही कोई सुराग लगा।

जानकारी के अनुसार धीरेंद्र पुत्र अयोध्या प्रसाद उम्र करीब 32 वर्ष निवासी गांव कल्याणपुर भरतार बटेश्वर बाह गुरुवार को घर का सामान खरीदने के लिए बाजार गए थे। शाम को करीब 6 बजे वह यमुना नदी में संचालित नाव में बैठकर बटेश्वर से गांव कल्याणपुर भरतार आ रहे थे। बताया गया है कि तभी नदी पार करते समय युवक धीरेंद्र सिंह का पैर फिसल गया और वह यमुना नदी के गहरे पानी में डूब गया।

नाव पर बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल युवक के डूबने की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों को तत्काल बुलाया और पुलिस को सूचना दी। गांव के स्थानीय गोताखोरों ने यमुना नदी में कूदकर नदी में लापता हुए युवक को खोजने के लिए कई घंटों प्रयास किया मगर कोई सफलता हाथ नहीं लगी। रात होने के कारण शुक्रवार को सुबह से पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से यमुना नदी की खाक छानी मगर लापता युवक का कोई अता-पता नहीं चल सका है। यमुना नदी में गोताखोर डुबकी लगाकर युवक को निकालने के लिए लगे रहे मगर शाम तक 24 घंटे बीत जाने के बाद कोई सफलता हाथ नहीं लगी।

नदी के पानी में लापता हुआ युवक धीरेंद्र के पिता की मौत 2 वर्ष पूर्व हो गई थी। परिवार में बड़ा होने के कारण जिम्मेदारी युवक धीरेंद्र ही निभा रहा था। खेती-बाड़ी कर और यमुना नदी में नाव चला कर अपने परिजनों का भरण पोषण कर रहा था। अचानक हुए हादसे से युवक की मां शशि देवी और पत्नी नेहा सुध बुध खो बैठी है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं युवक धीरेंद्र के 2 पुत्र अनुराग 9 वर्ष और नरसिहं 7 वर्ष है। यमुना किनारों पर रहने वाले ग्रामीणों को अवगत कराया गया है। पुलिस ने युवक का शव यमुना नदी किनारों पर दिखने पर सूचना देने की बात कही है।

रिपोर्टर- नीरज परिहार