पहाड़ों पर फिर मौसम ने ली करवट, बर्फबारी का दौर शुरू, केदारनाथ धाम में तीन फीट से अधिक बर्फ

National

केदारनाथ धाम में तीन फीट से अधिक बर्फबारी

दूसरी ओर केदारनाथ धाम में भी 3 फीट से अधिक बर्फबारी हो गई है। कल देर रात्रि से रुद्रप्रयाग जिले में रिमझिम बारिश जारी है जिसके चलते ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में जोरदार बर्फबारी हो रही है। पूरी केदारपूरी ने बर्फ की मखमली चादर ओढ़ ली है। मंदिर के साथ ही आस पास के सभी भवन, पैदल मार्ग और पूरी केदारपुरी में हर तरफ बर्फबारी दिख रही है।

चोपता दुगलबिट्टी में बढ़ रहे सैलानी

मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से प्रसिद्ध चोपता दुगलबिट्टा में भी बीच-बीच में बर्फबारी हो रही है। जिसके चलते यहां सैलानियों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। और इससे स्थानीय लोगों के रोजगार ने भी रफ्तार पकड़ ली है। साथ ही पहाड़ों की रानी मसूरी, बुरांसखंडा और धनोल्टी में इस वर्ष का दूसरा हिमपात हुआ है।

जोशीमठ में बढ़ी लोगों की परेशानी

जोशीमठ में भूमि धंसाव के बीच बर्फबारी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यहां प्रशासन द्वारा असुरक्षित करार दिए गए कई मकानों के सदस्य राहत शिविरों में रह रहे हैं। उनके मकान का सामान कहीं और है। वो कैंपों में जैसे-तैसे रह रहे हैं। ऐसे में बर्फबारी और तापमान कम गिरने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। हालांकि प्रशासनिक दावा है कि प्रभावित लोगों को सभी मदद दी जा रही है।

जोशीमठ में असुरक्षित मकानों को गिराने का काम रुका

जोशीमठ में बर्फबारी के कारण असुरक्षित मकानों को गिराने का काम रुक गया है। चमोली के डीएम हिंमाशु खुराना ने बताया कि भारी बर्फबारी और बारिश के कारण मजदूर काम नहीं कर पा रहे हैं। इस लिए असुरक्षित मकानों को गिराने का काम हो दिया गया है। मौसम साफ होते ही काम फिर शुरू होगा।

पर्यटकों के आगमन से लोगों में खुशी

बर्फबारी होने के बाद मसूरी शहर के लाल टिब्बा, चार दुकान व पर्यटक स्थल बुरांसखंडा और धनोल्टी बर्फ की सफेद चादर से ढका हुआ नजर आ रहा है। साथ ही पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है व लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हो गए हैं।

बर्फबारी होने के बाद पर्यटकों ने मसूरी व आसपास के क्षेत्रों का रुख करना शुरू कर दिया है। बर्फबारी होने से जहां एक ओर स्थानीय व्यापारियों में पर्यटकों के आगमन के अनुमान से खुशी है, वहीं स्थानीय काश्तकारों के चहरे खिल उठे हैं।

Compiled: up18 News