आगरा: ताज़महल में नही थम रहा बंदरों का आतंक, अब स्पेनिश महिला पर्यटक को काट कर किया घायल

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजमहल पर बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एएसआई विभाग की ओर से ताजमहल पर चार कर्मचारियों की तैनाती की गई है लेकिन इसके बावजूद बंदर पर्यटकों को अपना निशाना बना रहे है। आज सोमवार सुबह ताजमहल का दीदार करने पहुंचीं स्पेनिश महिला पर्यटक पर खूंखार बंदरों ने हमला कर दिया। स्पेनिश पर्यटक के पैर में बंदर ने काट लिया। सुबह सुबह व्यवस्था न होने से वहां मौजूद फोटोग्राफर योगेश पारस ने प्राथमिक उपचार किया और शांति मांगलिक हॉस्पिटल में रेबीज का इंजेक्शन लगवाया।

खराब हुई इमेज

सोमवार सुबह ताज का दीदार करने के लिए ताजमहल पहुँची स्पेनिश पर्यटक का नाम सांड्रा है। स्पेनिश पर्यटक ताज के दीदार को लेकर काफी उत्साहित थी लेकिन जब वह बंदरों का शिकार हुई तो उनके मन में आगरा की छवि और ताजमहल पर व्यवस्थाओं को लेकर ख़राब इमेज बन गयी। इस दौरान उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

ताजमहल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला ने शांति मांगलिक हॉस्पिटल में रेबीज का इंजेक्शन लगवाया है। पर्यटक यहां से दिल्ली रवाना हो गई है। सोमवार सुबह ही एक दूसरे पर्यटक को भी बंदरों ने निशाना बनाया। एक आठ साल के बच्चे शाेएब की पीठ पर भी दूसरे बंदर ने काट लिया। इस घटना से चारों ओर हड़कंप मचा हुआ है।

तैनात हैं 4 कर्मचारी

बंदरों के आतंक से पर्यटकों को बचाने के लिए एएसआई की ओर से 4 कर्मचारी तैनात किए गए थे लेकिन इस व्यवस्था को लागू करने के बाद भी खूंखार बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बंदर लगातार पर्यटकों को अपना निशाना बना रहे हैं। इस घटना के बाद से एएसआई के साथ-साथ संबंधित विभाग पर सवाल उठ रहे हैं।