आगरा: तीन दिन से गायब व्यक्ति का शव नाले में मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस कार्रवाई में जुटी

Crime

आगरा: रकाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुरा नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने शव की सूचना तत्काल थाना रकाबगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ कर शव की शिनाख्त कर ली है और मृतकों के परिजनों को इस घटना की सूचना दी गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम ग्रह भेज दिया गया है।

मामला थाना रकाबगंज क्षेत्र के मोहनपुरा का है। सोमवार की तड़के क्षेत्रीय लोग टहलने के लिए निकले तो वहीं कुछ लोगों को नाले में शव दिखाई दिया। नाले में शव की सूचना क्षेत्र में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। शव मिलने से क्षेत्रीय लोगों में सूचना थाना रकाबगंज पुलिस को दी। थाना रकाबगंज पुलिस मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने नगर निगम कर्मचारियों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकलवाया और मृतक की जानकारी जुटाई। मृतक की शिनाख्त रूपेश पुत्र सोहनलाल के रूप में हुई। पुलिस ने कानूनी कार्यवाही करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया।

थाना प्रभारी रकाबगंज ने बताया कि मृतक थाना रकाबगंज क्षेत्र के ईदगाह कुतलूपुर का निवासी है। मृतक की उम्र लगभग 27 वर्ष है। मृतक का नाम रूपेश वाल्मीकि पुत्र सोहनलाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक मिर्गी की बीमारी से लंबे समय से ग्रसित था जिसके कारण आए दिन मृतक रूपेश को दौरे पड़ा करते थे। वह तीन दिन पहले घर से निकला था। शव की सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं शव का पंचनामा भर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।