आगरा: रुनकता ओवरब्रिज पर दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर से लूट, सिकंदरा की तरफ भागे थे बदमाश, मथुरा के होने की आशंका

Crime

आगरा। रुनकता में ओवरब्रिज पर दो बाइक सवार चार बदमाशों ने दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर श्रीनिवास शर्मा को लूट लिया। पहले ओवरटेक करके बाइक रुकवाई। इसके बाद तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दी। पर्स से सात हजार रुपये, मोबाइल और बाइक की चाबी लूटकर भाग गए। पुलिस घटना को खोलने में लगी हुई है। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि फ्लाईओवर पर लूट करने के बाद बदमाश सिकंदरा की तरफ भागे थे, लेकिन कहीं भी बदमाशों की साफ फोटो नहीं आ पाई है।

श्रीनिवास शर्मा अवधपुरी, जगदीशपुरा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वह शनिवार शाम चार बजे बल्देव से लौट रहे थे। वह दाऊजी महाराज के दर्शन करने गए थे। वह रैपुरा जाट होकर रुनकता पहुंचे। वह ओवरब्रिज से घर की तरफ जा रहे थे। तभी दो बाइक पर चार बदमाश आए। उन्होंने काले मास्क पहन रखे थे। ओवरटेक करके रोक लिया। तमंचा दिखाकर बदमाशों ने मोबाइल और ₹7000 लूट लिए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले हाईवे पर लगे दोनों तरफ के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। सीसीटीवी के आधार पर बदमाश सिकंदरा की तरफ भागे थे। पुलिस का मानना है कि यह बदमाश बलदेव क्षेत्र के हो सकते हैं, क्योंकि पहले भी मथुरा जिले का एक गिरोह घटना को अंजाम दे चुका है।