आगरा। नमक की मंडी स्थित सांवरिया मार्केट की चौथी मंजिल पर आगरा सराफा एसोसिएशन (रजि.) के नवीन कार्यालय का शुभारंभ एवं आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी विजय शिवहरे ने कार्यालय का उद्घाटन किया, जबकि मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान सराफा कारोबार से जुड़ी समस्याओं, व्यापारियों की एकजुटता और चांदी के कारोबार को नई पहचान दिलाने के प्रयासों पर चर्चा की गई।
संगठन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कहा कि कार्यालय खोलने का मुख्य उद्देश्य तेजी से संगठित हो रहे सराफा कारोबार की समस्याओं के समाधान के लिए एक निश्चित स्थान उपलब्ध कराना है। एसोसिएशन का प्रयास है कि यह कार्यालय भविष्य में व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण, आपसी समन्वय और कारोबारी हितों की पैरवी का प्रमुख केंद्र बने। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों की आवाज को प्रभावी ढंग से संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि आगरा सराफा एसोसिएशन लगातार प्रयास कर रही है कि चांदी के कारोबार को जीआई टैग की प्रक्रिया में सम्मिलित कराया जाए। इसके साथ ही चांदी के कारोबार को बढ़ावा देने तथा व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए फैसिलिटी सेंटर की स्थापना भी संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि हॉलमार्क प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान, व्यापारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और इस प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए भी संगठन प्रभावी पहल करना चाहता है, ताकि सराफा कारोबारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि सराफा कारोबार आगरा की व्यापारिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन का मजबूत होना आवश्यक है। एसोसिएशन का नया कार्यालय व्यापारियों को एक मंच पर लाने के साथ उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। सराफा कारोबार से जुड़े व्यापारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक स्थायी कार्यालय मिलना सराहनीय पहल है। संगठन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मनोज बंसल, अंबा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, दुष्यंत गर्ग, सराफा एसोसिएशन के संरक्षक सुधीर गुप्ता, महामंत्री अशोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्यारेलाल खंडेलवाल, उपाध्यक्ष विमल नयन फतेहपुरिया, कुलभूषण गुप्ता, राम भाई, मनोज शर्मा, संजय वर्मा, अशोक कुमार अग्रवाल, मयंक जैन, धीरज वर्मा, पंकज गर्ग, अंकुर गोयल, राजा वर्मा, अशोक गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
