बल्केश्वर महादेव मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह: देवोत्थान एकादशी पर उमड़े श्रद्धालु

विविध

आगरा। देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर बल्केश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह धार्मिक श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। भगवान शालिग्राम तथा माता तुलसी का विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक विवाह गीतों और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने विवाह की रस्मों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। तुलसी और शालिग्राम के विवाह को भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी के पावन मिलन का प्रतीक मानते हुए श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि, पारिवारिक मंगल और लोककल्याण की कामना की।

मंदिर के महंत कपिल नागर ने बताया कि
भारतीय संस्कृति में तुलसी-शालिग्राम विवाह का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। यह आयोजन प्रकृति के प्रति सम्मान, पारिवारिक संस्कारों और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी देता है। मान्यता है कि देवउठनी एकादशी के साथ भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागृत होते हैं और मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है।

मंदिर में गूंजते भजन, जयकारे और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। समारोह ने एक बार फिर भारतीय धार्मिक परंपराओं की जीवंतता और सामूहिक आस्था की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में अर्चित पांड्या, वैभवी, श्रुति, कुसुम अग्रवाल, नीता अग्रवाल, सुनीता, लक्ष्मी, आदीपिका,गीता आदि मौजूद रहीं। व्यवस्था भोलानाथ अग्रवाल ने संभाली।