आगरा में होली की खुशियां मातम में बदलीं: बल्केश्वर में यमुना नहाने गए 4 दोस्त डूबे, 18 वर्षीय युवक लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी के कमला नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बल्केश्वर में होली के त्योहार के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी में नहाने पहुंचे चार दोस्तों में से तीन युवक गहरे पानी में डूबने लगे। इनमें से दो युवक तो अपनी जान बचाकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन 18 वर्षीय एक किशोर नदी की लहरों में समा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

नशे की हालत में नदी में उतरे थे युवक

मिली जानकारी के अनुसार, लोहिया नगर (बल्केश्वर) निवासी चार युवक दोपहर के समय बल्केश्वर स्थित यमुना किनारे पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों का कहना है कि युवकों ने नदी किनारे बैठकर पहले शराब का सेवन किया और फिर नशे की हालत में ही यमुना में नहाने के लिए उतर गए ।

भाई के सामने ही डूबा बंशी

नहाते समय अचानक तीन युवक गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। दो युवक किसी तरह संघर्ष कर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन 18 वर्षीय बंशी गहरे पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि बंशी का भाई भी उसके साथ मौजूद था, जो अपनी आंखों के सामने भाई को डूबता देख बेसुध हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

​घटना की सूचना मिलते ही थाना कमला नगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। तत्काल निजी गोताखोरों और पीएसी के जवानों को बुलाया गया। फिलहाल स्टीमर की मदद से यमुना की गहराई में बंशी की तलाश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक लापता युवक का सुराग नहीं लग सका था, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।