मुंबई: आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों होम डेकोर, टेक्सटाइल और लाइफस्टाइल जगत के ग्लोबल हब के रूप में चमक रही है। नेस्को स्थित बॉम्बे एग्ज़िबिशन सेंटर में 19वें ‘HGH इंडिया’ ट्रेड शो का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसने व्यापारिक जगत की नजरें अपनी ओर खींच ली हैं। 30 जून से 3 जुलाई तक चलने वाले इस मेगा इवेंट में नवाचार (Innovation) और कलात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
700 से अधिक ब्रांड्स और व्यापारिक संभावनाओं का मंच
HGH इंडिया के इस संस्करण में देश-विदेश के 700 से अधिक दिग्गज ब्रांड्स अपनी नवीनतम पेशकशों के साथ मौजूद हैं। होम टेक्सटाइल्स, होम डेकोर, हाउसवेयर और गिफ्टिंग सेगमेंट में यह एक्सपो व्यापारियों और खरीदारों के लिए एक विशाल प्लेटफार्म बन गया है। आयोजकों को इस आयोजन के दौरान 50,000 से अधिक ट्रेड बायर्स के शामिल होने की उम्मीद है, जो भारतीय बाजार को एक नई गति प्रदान करेंगे।
दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी से गरिमामयी आगाज
एक्सपो का उद्घाटन भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय की टेक्सटाइल कमिश्नर सुश्री वृंदा मनोहर देसाई (IRS) द्वारा किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर इटली के कॉन्सल जनरल श्री वाल्टर फेरारा और MSSIDC के एमडी श्री विकास पंसारे (IAS) समेत आर्किटेक्चर और डिज़ाइन जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन टेक्सज़ोन इन्फॉर्मेशन सर्विसेज़ के एमडी श्री अरुण रूंगटा और एक्सपो + कंसल्टिंग एसोसिएट्स के डॉ. गीर्ट बोट्गर ने किया।
भविष्य की दिशा: सस्टेनेबिलिटी और डिजाइन
आयोजन के दौरान विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि आने वाले समय में भारतीय होम और लाइफस्टाइल उद्योग का भविष्य ‘डिज़ाइन’ और ‘सस्टेनेबिलिटी’ पर निर्भर करेगा। वक्ताओं ने भारत को वैश्विक मानचित्र पर एक मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए नई तकनीकों और टिकाऊ उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
यह एक्सपो न केवल नए व्यापारिक अवसरों का द्वार खोल रहा है, बल्कि भारतीय निर्माताओं को वैश्विक बाजार से जुड़ने का एक उत्कृष्ट मंच भी प्रदान कर रहा है। आने वाले तीन दिनों में यह आयोजन उद्योग जगत के लिए नई रणनीतियों और साझेदारियों की इबारत लिखेगा।
-अनिल बेदाग


