मुंबई: भारतीय सिनेमा के क्षितिज पर एक ऐसी फिल्म का उदय हुआ है जो केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आत्मा का शुद्धिकरण है। निर्माता सज्जन राज और निर्देशक हार्दिक गज्जर की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘कृष्णावतारम् पार्ट 1 द हार्ट (हृदयम्)’ इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। यह फिल्म आधुनिक तकनीक और प्राचीन सनातनी मूल्यों के बीच एक ऐसा सेतु तैयार कर रही है, जो नई पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और संस्कारों से गहराई से जोड़ता है।
फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसकी भव्यता और भावनात्मक गहराई है। पर्दे पर उभरते दिव्य दृश्य और कानों में रस घोलता संगीत दर्शकों को एक साधारण थिएटर से उठाकर सीधे भक्ति और आध्यात्मिकता के संसार में ले जाता है। गूगल रिव्यूज और सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
इसे “भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम” करार दिया जा रहा है। विशेष रूप से यह फिल्म ‘पारिवारिक सिनेमा’ की श्रेणी में एक नई मिसाल कायम कर रही है, जहाँ बच्चे अपने दादा-दादी के साथ बैठकर अपनी जड़ों और परंपराओं को गौरव के साथ देख रहे हैं।
आध्यात्मिक और संगीत जगत की हस्तियों ने दी सराहना
फिल्म के प्रभाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिग्गज आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर ने इसकी आध्यात्मिक चेतना की प्रशंसा की है। वहीं, भजन सम्राट अनूप जलोटा ने फिल्म के संगीत और भक्ति भाव को बेमिसाल बताया है। इतना ही नहीं, पूज्य प्रेमानन्द जी महाराज ने भी इस फिल्म को सनातन मूल्यों के प्रचार-प्रसार में एक महत्वपूर्ण कदम माना है।
युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत
फिल्म समीक्षकों का मानना है कि आज के दौर में, जब युवा पीढ़ी पश्चिमी संस्कृति की ओर खिंच रही है, ‘कृष्णावतारम् पार्ट 1 द हार्ट’ उन्हें भारतीय गौरव से परिचित कराने का एक प्रभावशाली माध्यम है।
फिल्म की तकनीकी गुणवत्ता और निर्देशन इतना सटीक है कि यह आज के दौर के सिनेमाई मानकों पर भी खरी उतरती है। यह सिर्फ एक पौराणिक कथा का चित्रण नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव है जो हृदय को छू लेता है और भारतीय संस्कृति के प्रति श्रद्धा को और गहरा कर देता है।
-अनिल बेदाग

