आगरा के राजकीय विद्यालयों की बदलेगी सूरत: ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ को लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दिए सख्त निर्देश

स्थानीय समाचार

आगरा: जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की तस्वीर बदलने और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कमर कस ली है। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने ‘प्रोजेक्ट अलंकार योजना’ के तहत चल रहे निर्माण कार्यों और बाउंड्रीवाल प्रोजेक्ट्स की गहन पड़ताल की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि विद्यालयों के आधुनिकीकरण में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खेरागढ़ को मिलेगा भव्य बालिका इंटर कॉलेज

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खेरागढ़ के नवीन भवन निर्माण की प्रगति जांची। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा प्रस्तुत ₹868.28 लाख के संशोधित बजट (आगणन) की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था को पारदर्शिता और उच्चतम गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

​छात्रावासों को जल्द शुरू करने पर जोर

जिले की बालिकाओं को बेहतर सुविधा देने के लिए जिलाधिकारी ने कलाल खेरिया, कोरई और पिनाहट में बनकर तैयार हुए तीन राजकीय बालिका छात्रावासों को तत्काल क्रियाशील करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से फर्नीचर और बेडिंग की खरीद प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए और शासनादेश के अनुसार स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि इन छात्रावासों का लाभ छात्राओं को मिलना शुरू हो सके।

​बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।