काशी के तुलसीघाट पर सजीव हुआ द्वापर युग: 500 साल पुरानी ऐतिहासिक ‘नाग नथैया लीला’ का भव्य मंचन, कदंब से गंगा में कूदे बाल कृष्ण

स्थानीय समाचार

वाराणसी। मोक्ष और अध्यात्म की नगरी काशी स्थित प्रसिद्ध तुलसीघाट पर शुक्रवार को 500 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक एवं अलौकिक ‘नाग नथैया लीला’ का भव्य मंचन संपन्न हुआ। काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शुमार इस पारंपरिक लीला को देखने के लिए मां गंगा के घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंचन के दौरान दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरी काशी द्वापर युग में सिमट आई हो और गंगा का तट यमुना के पावन कछार में परिवर्तित हो गया हो।

जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप ने घाट पर स्थित कदंब के पेड़ से गंगा की धारा में छलांग लगाई, पूरा तुलसीघाट ‘जय श्री कृष्णा’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। लीला में बाल कृष्ण द्वारा कालिया नाग का मान-मर्दन कर उसके विष से जल को मुक्त कराने के पौराणिक प्रसंग को अत्यंत भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया।

​गोस्वामी तुलसीदास ने रखी थी 500 वर्ष पूर्व नींव

​उल्लेखनीय है कि काशी की इस अनूठी और ऐतिहासिक नाग नथैया लीला की परंपरा की शुरुआत गोस्वामी तुलसीदास जी ने की थी। इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि लगभग 500 वर्ष बीत जाने के बाद भी लीला का मूल स्वरूप, प्राचीनता और परंपरागत स्वरूप पूरी तरह से अक्षुण्ण है। सदियों से इस भव्य लीला का आयोजन संकट मोचन मंदिर के महंत परिवार की देखरेख में पूरी निष्ठा के साथ किया जाता आ रहा है।

​काशी नरेश परिवार ने किए बाल स्वरूप के दर्शन

​इस ऐतिहासिक आयोजन में काशी नरेश परिवार से कुंवर अनंत नारायण सिंह अपने दोनों पुत्रों के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बजड़े (बड़ी नौका) से लीला का अवलोकन किया और तत्पश्चात भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप का दर्शन कर उन्हें माला-फूल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान घाट पर मौजूद लाखों श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

​पर्यावरण और गंगा स्वच्छता का पावन संदेश

नाग नथैया लीला के मुख्य आयोजक एवं संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने यमुना के जहरीले वातावरण को कालिया नाग का मर्दन कर विषमुक्त और शुद्ध किया था। उसी पावन प्रसंग के माध्यम से आज के दौर में मां गंगा में बह रहे दूषित जल को रोकने और गंगा स्वच्छता का जन-जागरूकता संदेश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा स्थापित यह आध्यात्मिक धरोहर आज भी अपने उसी मूल और जीवंत स्वरूप में काशी की पहचान बनी हुई है।