आगरा। ताजनगरी में गुलाबी ठंड की शुरुआत और तापमान में आई गिरावट के बावजूद डेंगू का खतरा पूरी तरह टला नहीं है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार को कराई गई 17 संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच में 4 मरीजों में डेंगू वायरस की पुष्टि हुई है। चिंताजनक बात यह है कि इन नए संक्रमितों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तेज बुखार और मांसपेशियों में अत्यधिक दर्द की शिकायत लेकर आए संदिग्ध मरीजों की एलाइजा जांच कराई गई थी, जिसमें चार लोगों में डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। फिलहाल चारों मरीजों की स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की देखरेख में उनका घर पर ही होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।
जिले में अब तक 32 मामले, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी
जिला मलेरिया अधिकारी ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक डेंगू के कुल 32 मामले सामने आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि पूर्व में मिले सभी मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
हालाँकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी दो से तीन सप्ताह तक डेंगू का जोखिम बना रहेगा, इसलिए नागरिकों को किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
पर्दों और अंधेरे कोनों में छिप रहे मच्छर, डॉक्टरों ने दी सलाह
चिकित्सकों के अनुसार, बाहर का तापमान कम होने के कारण एडीज मच्छर अब घरों के भीतर गर्माहट की तलाश में छिप रहे हैं। ये मच्छर मुख्य रूप से कमरे के अंधेरे कोनों, पर्दों के पीछे और सोफे के नीचे शरण ले रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों ने आम जनता को निम्नलिखित सावधानियां बरतने की सख्त सलाह दी है:
शरीर को पूरी तरह ढकने वाले यानी पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें।
घर और आसपास कहीं भी पानी न जमा होने दें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
बुखार या शरीर में तेज दर्द होने पर तत्काल निकटतम सरकारी अस्पताल में परामर्श लें।


