आगरा। फूलों में सज रहे हैं श्री वृंदावन बिहारी…, मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है…, राधे-राधे जपा करो, कृष्ण नाम रस पिया करो… जैसे मधुर भजनों की स्वर लहरियों ने जब वातावरण में भक्ति की मिठास घोली तो हर कोई श्री बांके बिहारी की भक्ति में लीन हो गया। कहीं राधे-राधे के जयकारे गूंजे तो कहीं श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। अवसर था ॐ श्री शिव रुद्राक्ष सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित ‘एक शाम श्री बांके बिहारी के नाम’ सदस्य मिलन एवं सम्मान समारोह, भजन संध्या एवं प्रसादी का।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद सुप्रसिद्ध भजन गायक राजा सांवरिया ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से भक्तिमय समां बांध दिया। उन्होंने ‘फूलों में सज रहे हैं श्री वृंदावन बिहारी’ भजन सुनाकर भक्तों को वृंदावन की अलौकिक छटा का अनुभव कराया। वहीं ‘मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है’ की प्रस्तुति पर श्रद्धालु प्रभु की कृपा का गुणगान करते नजर आए। ‘राधे-राधे जपा करो, कृष्ण नाम रस पिया करो’ भजन ने पूरे सभागार को राधामय कर दिया।
इसके बाद भजन गायिका दीक्षा शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज में ‘मन चल रे वृंदावन धाम, श्री राधा-राधा गाएंगे’ भजन प्रस्तुत कर सभी को वृंदावन की भक्ति यात्रा का एहसास कराया। ‘बांके बिहारी की देख छटा, मेरा मन हो गया लटा-पटा’ की प्रस्तुति पर भक्त भावविभोर हो उठे। उन्होंने ‘कजरारे-कजरारे तेरे कारे-कारे नैन’ की प्रस्तुति से भी श्रोताओं का मन मोह लिया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर तक तालियां गूंजती रहीं और श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद लेते रहे।
समारोह में संस्था की ओर से सावन माह के तीसरे सोमवार को कैलाश महादेव मंदिर पर आयोजित होने वाले मेले में लगाए गए विशाल भंडारे सहित संस्था के विभिन्न सेवा एवं धार्मिक आयोजनों में सहयोग करने वाले समस्त सदस्यों को सम्मानित किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी सेवा कार्य की सफलता सामूहिक समर्पण और सहयोग से ही संभव होती है। सदस्यों के इसी सेवाभाव और निष्ठा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भजन संध्या के साथ पारिवारिक स्नेह मिलन भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें संस्था के सदस्यों ने अपने परिवारों के साथ सहभागिता की। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे के परिवारों से परिचय प्राप्त किया और आपसी मेलजोल के माध्यम से पारिवारिक आत्मीयता को मजबूत किया।
संस्था के संस्थापक संदीप सिंघल और सह संस्थापक सचिन गोयल ने कहा कि संस्था की स्थापना का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाजसेवा और जरूरतमंदों की सेवा को निरंतर आगे बढ़ाना है। भगवान शिव और श्री बांके बिहारी की कृपा से संस्था विभिन्न धार्मिक एवं सेवा कार्यों में अपनी सहभागिता निभा रही है। सावन के तीसरे सोमवार को कैलाश महादेव मेले में विशाल भंडारे का आयोजन भी इसी सेवाभाव का प्रतीक है। संस्था के प्रत्येक सदस्य का सहयोग इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
अध्यक्ष सौरभ वर्मा और महामंत्री अविनाश राणा ने कहा कि संस्था के सभी सदस्य एक परिवार की तरह मिलकर कार्य करते हैं। कैलाश महादेव मेले में विशाल भंडारे सहित विभिन्न आयोजनों में सदस्यों ने जिस उत्साह और समर्पण से सहयोग किया है, वह सराहनीय है। सम्मान समारोह के माध्यम से प्रत्येक सहयोगी के योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर संस्थापक संदीप सिंघल, सह संस्थापक सचिन गोयल, अध्यक्ष सौरभ वर्मा, महामंत्री अविनाश राणा, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोनू नरेंद्र मित्तल, अमित यादव, उपाध्यक्ष मनोज सिंघल, सुमित गोयल, सौरव वर्मा,मंत्री शैलेंद्र वर्मा, नितिन गोयल, ,अमन गोयल,शुभव वर्मा सह मंत्री सौम्य अग्रवाल, देवेश गोयल, लेखा प्रमुख अतुल कुमार सिंघल आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं।


