आगरा: यमुना नदी में डूबे युवक का शव रेस्क्यू ऑपरेशन से बरामद, परिजनों ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप

स्थानीय समाचार

आगरा जनपद के थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत गांव चौंरंगा बीहड़ के यमुना नदी घाट पर नहाने गए पांच दोस्तों में से एक युवक नहाते समय नदी में डूब गया था। दूसरे दिन पीएसी गोताखोरों ने नदी से शव को बाहर निकाला। युवक की मौत पर परिजनों ने दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार सुनील उर्फ डूंडा उम्र करीब 18 वर्ष निवासी विष्णुपुरा थाना बाह गांव के ही अपने दोस्त शैलेंद्र पुत्र मुन्नालाल, शिवम पुत्र महावीर,गुल्लू पुत्र सुभाष एवं अतुल पुत्र अज्ञात निवासी करहल मैनपुरी के साथ रविवार को दोपहर क्षेत्र के गांव चौरंगा बीहड़ यमुना नदी घाट पर यमुना नदी नहाने गए थे। बताया गया है कि यमुना नदी में पांचों दोस्त हाथों में हाथ मिलाकर डुबकी लगाकर नहा रहे थे। तभी पानी के तेज बहाव में सुनील का हाथ अन्य दोस्तों से छूट गया और वह यमुना नदी के गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों ने काफी खोजने का प्रयास किया मगर युवक नहीं मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली थी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी के पानी में डूबे युवक को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रविवार रात तक पुलिस प्रशासन को कोई सफलता नहीं मिली थी। स्थानीय पुलिस द्वारा पीएसी के गोताखोरों की मदद ली गई, जहां सोमवार सुबह पहुंचे पीएसी के गोताखोरों नहीं मोटरबोट के द्वारा यमुना नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जहां यमुना नदी के पानी में नीचे फंसे युवक के शव को पीएसी के गोताखोरों ने बाहर निकाला।

युवक के शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक सुनील के परिजनों ने उसके दोस्तों पर सजिशन यमुना नदी में डूबोककर मारने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्टर- नीरज परिहार