कमल पुष्पों से सजा मां महालक्ष्मी का दरबार, बल्केश्वर मंदिर में राधा अष्टमी पर हुआ अलौकिक स्वर्ण श्रृंगार और महाभिषेक; उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा। राधा अष्टमी के पावन अवसर पर बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में मां महालक्ष्मी का विशेष कमल पुष्प श्रृंगार किया गया। गुलाबी अलंकरण के बीच मां को स्वर्ण आभूषण धारण कराए गए। कमल पुष्पों से सजे दरबार में मां के मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
मंदिर में विधि-विधान के साथ महाभिषेक किया गया। इसके बाद मां को छप्पन भोग अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

मंदिर के पंडित रमाकांत पांडे ने बताया कि राधा अष्टमी पर मां महालक्ष्मी का सहस्त्र कमल पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया गया। गुलाबी अलंकरण और स्वर्ण आभूषणों से सुसज्जित मां का स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने मां की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रद्धा और भक्ति से की गई आराधना से भक्तों को सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक शांति की अनुभूति होती है।

​संध्या के समय ‘श्री देवी जी ट्रस्ट’ की देखरेख में एक अत्यंत भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस महाआरती में शहर के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों जैसे राम मोहन कपूर, सतीश गोपाल कपूर, अपिल कपूर और तुषार कपूर ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर मां महालक्ष्मी के जयकारों और गूंजते संगीत से पूरी तरह सराबोर हो उठा।