आगरा से हिमाचल घूमने गए दंपत्ति दो दिन से लापता, परिजनों ने लगाई CM योगी से गुहार

स्थानीय समाचार

आगरा: हिमाचल घूमने गए शहर के एक दंपत्ति उत्तर भारत में भारी बारिश और बाढ़ के हालात के बाद से लापता हैं। ये पति-पत्नी अपनी वैवाहिक वर्षगांठ मनाने हिमाचल गए थे। युवक गुड़गांव की एक कंपनी में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत है। बेटे-बहू से दो दिन से संपर्क न होने के चलते परिजन परेशान हैं।

शहर में सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोहता के सौथिया एस्टेट कालोनी निवासी कुलदीप दीक्षित की आठ जुलाई को शादी की दूसरी सालगिरह थी। वह पत्नी शिखा के साथ हिमाचल प्रदेश के तीर्थन वैली गए थे। परिजनों के अनुसार, विगत पांच जुलाई को दोनों ट्रैवल कम्पनी की गाड़ी से हिमाचल पहुंचे। कुलदीप की मां कुसुमा देवी ने बताया कि कुलदीप उनका इकलौता बेटा है। बेटा-बहू ने बताया था कि वहां पर तेज बारिश हो रही है। नदियां उफान पर हैं। उन्होंने बाढ़ का एक वीडियो भी भेजा था। आठ जुलाई की शाम पांच बजे दोनों से अंतिम बार बात हुई थी। कुलदीप ने कहा था कि नौ जुलाई को सुबह 10 बजे वे वापस आगरा के लिए लौटेंगे। चंडीगढ़ तक कार से फिर वहां से ट्रेन से आएंगे।

कुसुमा देवी ने बताया कि नौ जुलाई को सुबह करीब 11 बजे उन्होंने बेटे को फोन किया, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने बहू को फोन किया। उसका फोन भी नहीं लगा। उन्हें लगा कि शायद नेटवर्क नहीं आ रहे होंगे। करीब दो घंटे बाद फिर फोन किया, लेकिन फोन नहीं लगे। टैक्सी ड्राइवर को फोन किया, उसका फोन भी नहीं लगा। शाम तक करीब 15-20 बार फोन किया। घबराकर उन्होंने बहू के परिजनों से मुरादाबाद बात की। उन्होंने बताया कि नौ जुलाई को सुबह 10 बजे बेटी का फोन आया था। उसने बताया कि यहां पर भारी बारिश है। भूस्खलन (लैंड स्लाइड) हो गया है। हमें रास्ते में रोक लिया गया है। आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। जैसे भी हालात होंगे, आगे बताएंगे। इसके बाद से उनकी भी बेटी से बात नहीं हुई है।

मां कुसुमा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि कुलदीप के पिता का निधन हो चुका है। इकलौते बेटे की दो साल पहले धूमधाम से शादी की थी। बेटी गुडगांव में मेक माई ट्रिप कंपनी में सीनियर मैनेजर है। बच्चों को लेकर बहुत चिंता हो रही है। हिमाचल प्रदेश में किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार है कि बच्चों का पता लगावाएं।