आगरा में ट्रांसपोर्ट संचालक की संदिग्ध मौत: सड़क पर मिला शव, परिजनों ने जीएसटी अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप

Crime

आगरा: ताजनगरी के थाना शाहगंज क्षेत्र के अंतर्गत भोगीपुरा स्थित प्रकाश नगर में शनिवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रांसपोर्ट संचालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान मेवाती गली निवासी अजहर अली (55) के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मामले में एक जीएसटी अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है।

​रात 2 बजे आई थी आखिरी कॉल

मृतक के भतीजे अरशद के अनुसार, अजहर अली शुक्रवार रात को जयपुर के लिए जूतों की खेप लेकर निकले थे। रात लगभग 2 बजे उन्होंने घर पर कॉल कर जानकारी दी कि एक जीएसटी अधिकारी ने उनकी गाड़ी पकड़ ली है और वह मामले को सुलझाने के लिए जीएसटी कार्यालय जा रहे हैं। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। शनिवार सुबह करीब 5 बजे परिजनों को सूचना मिली कि प्रकाश नगर में अजहर का शव पड़ा हुआ है।

हत्या या दुर्घटना? वीडियो ने बढ़ाया सस्पेंस

परिजनों का दावा है कि अजहर के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मौके पर मौजूद लोगों और परिवार का आरोप है कि पुलिस के पास एक ऐसा वीडियो है, जिसमें एक कार अजहर के शव को सड़क पर फेंककर भागती नजर आ रही है। पुलिस फिलहाल क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह तेज रफ्तार कार से हुआ एक्सीडेंट है या फिर उन्हें कार से धक्का देकर फेंका गया है।

​जीएसटी अधिकारी से पुराना विवाद और प्रेस वार्ता

इस मौत के पीछे एक गहरा प्रशासनिक विवाद भी सामने आ रहा है। परिजनों का कहना है कि अजहर अली का पिछले कुछ महीनों से एक जीएसटी अधिकारी के साथ विवाद चल रहा था। अजहर ने उक्त अधिकारी पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे, जबकि अधिकारी ने उन पर जुर्माना न भरने का आरोप लगाया था। इस विवाद को लेकर अजहर अली ने कुछ समय पूर्व एक प्रेस वार्ता (Press Conference) भी की थी, जिससे मामला काफी चर्चा में रहा था।

​पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस रंजिश और दुर्घटना दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और साथी ट्रांसपोर्टर्स में भी इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।