आगरा का ऐसा चौराहा, जिसका नाम तो ‘अटल चौक’ है लेकिन उसमें प्रतिमा दीनदयाल उपाध्याय की लगी है…

स्थानीय समाचार

आगरा: आज पूरे देश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती को बड़े ही श्रद्धा भाव के साथ मनाया जा रहा है। हर भाजपाई और आरएसएस कार्यकर्ता आज उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ नमन कर रहा है। आगरा में एक ऐसा चौराहा है जिसका नाम तो अटल चौक है लेकिन उसमें प्रतिमा दीनदयाल उपाध्याय की लगी हुई है। स्थान का नाम अटल चौक और प्रतिमा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की लगी होने की जानकारी होने से हर कोई आश्चर्यचकित रह जाता है। ऐसा कैसे हुआ और उसके पीछे का इतिहास क्या है यह जानकारी आपको इस स्पेशल रिपोर्ट में मिलेगी।

आगरा कैंट के समीप है अटल चौक

आपको बताते चले कि अटल चौक आगरा कैंट स्टेशन के बिल्कुल समीप है। इस अटल चौक की देखरेख अटल चौक सेवा समिति करती है। अटल चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा क्यों नहीं है इसके पीछे भी रोचक किस्सा है।

समिति के संरक्षक राकेश कन्नौजिया बताते है कि आगरा कैंट स्टेशन का चौराहा व्यस्तम चौराहे में से एक है। पास में रेलवे स्टेशन है जहाँ देशी विदेशी पर्यटक भी आते है। इस चौराहे के सौंदर्यीकरण को लेकर महापौर नवीन जैन से मुलाकात हुई और इस प्रस्ताव को उनके सामने रखा कि चौराहे के सौंदर्यीकरण हो जाए और उसका नाम अटल चौक रखा जाए। जो चौराहे की सुंदरता बढ़ाये साथ ही ट्रैफिक भी व्यस्थित हो जाये। इस पर महापौर नवीन जैन ने इस कार्य को अमली जामा पहनाया।

राकेश कनौजिया ने बताया कि अटल चौक सेवा समिति चाहती थी कि अटल चौक पर अटल जी की प्रतिमा लगे लेकिन जब इस चौराहे का नाम अटल जी के नाम पर रखा गया था तब वह जीवित थे लेकिन इस बीच नगर निगम की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने की चर्चा जोर शोर से चलने लगी। नगर निगम भी उनकी प्रतिमा लगाने के लिए उचित स्थान का चयन करने में लगा हुआ था।

इस बीच समिति की ओर से ही अटल चौक पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने का प्रस्ताव रखा। क्योंकि पास में ही आगरा कैंट स्टेशन है जहां से देशी-विदेशी पर्यटकों का प्रतिदिन आवागमन रहता है। साथ में ही आर्मी का एरिया और दूसरी ओर ईदगाह बस स्टैंड। अटल चौक चौराहा हमेशा लोगों से गुलजार होता है। ऐसे में हर कोई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवन से रूबरू हो सकेगा। इस प्रस्ताव पर स्वीकृति मिली और महापौर नवीन जैन अटल चौक पर ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने का एलान कर दिया।

अटल चौक पर 28 जून 2019 को विधिवत रूप से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के आगरा जिले के सभी विधायक मंत्री और आरएसएस के बड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया था। उन्हीं के कर कमलों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण हुआ। अटल चौक पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाए जाने की सोच को सभी ने सराहा। एक ही स्थान पर दो महान लोगों के अस्तित्व का होना सभी के लिए गर्व की बात है।

एक ही सिक्के के दो पहलू अटल-दीनदयाल

अटल चौक सेवा समिति के संरक्षक राकेश कनौजिया ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी और आर एस एस के सभी कार्यकर्ताओं के लिए अटल बिहारी बाजपेई और पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों ही मानवता और एकात्मवाद और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को हर सहूलियत पहुंचाने के लिए संकल्पित थे।