आगरा के DPS में छात्र ने छात्र को बेरहमी से पीटा, जबड़ा टूटा और कई दांत गिरे; स्कूल की संवेदनहीनता पर फूटा गुस्सा

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के प्रतिष्ठित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), सिकंदरा में सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ाते हुए एक छात्र के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी गईं। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र विश्वराज की स्कूल परिसर के भीतर ही इतनी बेरहमी से पिटाई की गई कि उसका जबड़ा फ्रैक्चर हो गया और कई दांत टूटकर बाहर आ गए। पीड़ित छात्र मशहूर यूट्यूबर पीयूष मल्होत्रा का बेटा है। घटना के बाद से छात्र की हालत बेहद नाजुक है और वह बोलने तक की स्थिति में नहीं है।

हल्की चोट का झूठ और स्कूल की लापरवाही

पीयूष मल्होत्रा ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शनिवार सुबह साढ़े सात बजे उन्हें स्कूल से फोन आया कि उनके बेटे को ‘हल्की चोट’ लगी है। जब वे बदहवास होकर स्कूल पहुंचे, तो नजारा रूह कंपा देने वाला था।

विश्वराज के मुंह से खून की धार बह रही थी, जिसे छिपाने के लिए स्कूल स्टाफ ने उसके मुंह में रूई ठूंस रखी थी। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को प्राथमिक उपचार (First Aid) तक नहीं दिया गया और वह दर्द से तड़पता रहा, जबकि स्कूल प्रशासन इसे सामान्य बात बताता रहा।

अस्पताल में ऑपरेशन और पुलिस की कार्रवाई

छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसके जबड़े का ऑपरेशन किया जा रहा है। इस मामले में पीयूष मल्होत्रा ने आरोपी छात्र के खिलाफ थाना सिकंदरा में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम डीपीएस पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसीपी के मुताबिक, यह विवाद दो छात्रों के बीच हुआ था, जिसने हिंसक रूप ले लिया।

सीसीटीवी फुटेज पर टिकी जांच, प्रबंधन की चुप्पी पर सवाल

पुलिस अब स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके और यह पता चल सके कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी स्कूल प्रबंधन ने अब तक चुप्पी साध रखी है। इस घटना ने स्कूल परिसरों में बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

आक्रोशित अभिभावकों का कहना है कि यदि क्लासरूम और कॉरिडोर में ही बच्चे सुरक्षित नहीं हैं और प्रबंधन घोर लापरवाही बरत रहा है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?