लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोक भवन में महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक संपन्न हुई। बैठक के बाद एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। बैठक के उपरांत दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य एक साथ एक ही छतरी के नीचे बाहर निकलते हुए दिखाई दिए। दोनों नेताओं की मुस्कराती हुई यह तस्वीर और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसके जरिए उन्होंने सरकार के भीतर पूर्ण एकजुटता का स्पष्ट संदेश दिया है।
ब्रजेश पाठक ने बताया ‘अविस्मरणीय क्षण’
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस वाकये का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए लिखा कि आज लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर कैबिनेट बैठक के उपरांत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ यह एक अविस्मरणीय क्षण रहा।
केशव प्रसाद मौर्य का संदेश: ‘कदम मिलाकर चलना होगा…’
बरसात के दौरान एक ही छाते के नीचे साथ चल रहे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस वीडियो को पोस्ट करते हुए एक प्रेरक कैप्शन लिखा। उन्होंने अपने पोस्ट में साझा किया “कदम मिलाकर चलना होगा, उत्तर प्रदेश का ‘स्वर्णिम कल’ गढ़ना होगा।”
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस वीडियो के माध्यम से दोनों वरिष्ठ नेताओं ने विपक्षियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वे प्रदेश के विकास और संगठन को मजबूती देने के लिए पूरी तरह एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं।


