आगरा: ताजनगरी के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र अंतर्गत बोदला-अछनेरा रोड पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक हेमंत की जान चली गई। बिचपुरी पोस्ट ऑफिस के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने हेमंत की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेमंत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी आकाश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।
एम्स में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा साथी
हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। हेमंत अपने दोस्त आकाश के साथ बिचपुरी से वापस घर लौट रहा था। दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल आकाश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोपी फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हालांकि, कार सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हेमंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधूरा रह गया सरकारी अफसर बनने का सपना
मृतक हेमंत किरावली क्षेत्र के कस्बा मिढ़ाकुर का निवासी था और अपने माता-पिता का सबसे छोटा बेटा था। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह दिल्ली में रहकर जर्मन भाषा सीख चुका था और सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटा था। पिता सतेंद्र (खेती-किसानी) और पूरे परिवार को हेमंत से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ तबाह कर दिया। हेमंत की दो बड़ी बहनें हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

