आगरा में खौफनाक वारदात: शादी से इनकार पर युवती को घर से घसीट ले गया दबंग, CCTV में कैद हुई दरिंदगी

Crime

आगरा। आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी से इनकार करने पर एक युवक द्वारा युवती को उसके घर से घसीटकर जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह घटना गौतम नगर क्षेत्र की है, जहां एक गैर धर्म के युवक परवेज पर आरोप है कि वह लंबे समय से युवती पर शादी का दबाव बना रहा था और पहले भी उसके साथ छेड़छाड़ करता था। पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी आए दिन बेटी को परेशान करता था और कई बार रास्ते में छेड़खानी भी कर चुका था।

परिजनों के अनुसार 28 अप्रैल की रात आरोपी परवेज अपने माता पिता के साथ युवती के घर पहुंचा और जबरन शादी का दबाव बनाने लगा। परिवार द्वारा साफ इनकार करने के बाद रात करीब 9 बजे आरोपी फिर से घर पहुंचा और युवती को जबरदस्ती उठाने लगा।

इस दौरान युवती की छोटी बहन और मां ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने किसी की बात नहीं सुनी और युवती का हाथ पकड़कर उसे घसीटते हुए घर से बाहर ले गया। परिजन लगातार शोर मचाते रहे, लेकिन आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवती को करीब आठ किलोमीटर दूर कुबेरपुर तक ले गया। घटना के करीब तीन घंटे बाद युवती वापस घर लौट आई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।