आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रेन में सवार हो रहे परिवार के साथ वेंडर ने कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़छाड़ की। महिला के विरोध करने पर आरोपी वेंडर ने उनके पति से हाथापाई की और मासूम बच्चे के सिर पर बोतल मार दी। इस बर्बरता के बाद आक्रोशित परिवार ने आरोपी को ट्रेन से खींचकर प्लेटफॉर्म पर जमकर धुनाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात, आगरा का एक परिवार हैदराबाद जाने के लिए आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंचा था। जैसे ही ट्रेन आई और परिवार अपने कोच में चढ़ने लगा, तभी वहां सामान बेच रहे एक वेंडर ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि वेंडर ने महिला और उनके पति के साथ मारपीट की और बीच-बचाव में आए बच्चे पर बोतल से हमला कर दिया।
प्लेटफॉर्म पर हुआ हंगामा
मां और बच्चे के साथ हुई इस घटना से परिवार का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। महिला के पति ने तुरंत आरोपी वेंडर को ट्रेन से नीचे खींच लिया। इसके बाद आक्रोशित महिला और उनके परिजनों ने आरोपी को प्लेटफॉर्म पर ही पीट दिया। हंगामा होते देख वहां यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। किसी यात्री ने इस घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
जीआरपी कैंट प्रभारी संदीप तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी वेंडर को हिरासत में ले लिया। पीड़ित परिवार को अपनी ट्रेन पकड़कर आगे के सफर पर निकलना था, इसलिए वे तुरंत रवाना हो गए। जीआरपी ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शांतिभंग के आरोप में उसका चालान कर दिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
इस घटना ने रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त और सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा को लेकर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने की तत्काल आवश्यकता है।


