आगरा फोर्ट मेट्रो स्टेशन पर कामगारों को कार्यस्थल पर जागरुक करने के लिए बनाया गया सेफ्टी पार्क

स्थानीय समाचार

आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन निर्माणस्थल पर कामगारों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सजग रहा है। यूपी मेट्रो द्वारा आगरा मेट्रो रेल परयोजना के कार्यस्थलों पर कामगारों को निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के लिए आगरा फोर्ट मेट्रो स्टेशन एवं आईएसबीटी आरएसएस पर सेफ्टी पार्क बनाया गया है। इसके साथ ही सुरक्षा को लेकर समय-समय पर मॉक ड्रिल एवं टूल किट मीटिंग के जरिए कामगारों को जागरुक किया जाता है।

आगरा फोर्ट मेट्रो स्टेशन पर बनाए गए सेफ्टी पार्क में निर्माण स्थल पर काम करने के दौरान सुरक्षा के उपकरण एवं मानकों को लेकर जानकारी दी गई है। सेफ्टी पार्क में पीपीई किट, फायर फाइटिंग उपकरण, प्राथमिक उपचार एवं ऊंचाई पर काम करने के दौरान प्रयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों का लेकर जानकारी दी गई है। इसके साथ ही सेफ्टी पार्क में कचरा प्रबंधन को लेकर भी जानकारी दी गई है।

क्या है पर्सनल प्रोटेक्शन इक्युपमेंट (पीपीई) किट

निर्माण स्थल पर काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा के लिए हेलमेट, हाई विजिबिलिटी वेस्ट, सेफ्टी शूज आदि उपकरणों का प्रयोग किया जाता है। निर्माण स्थल सिर के बचाव के लिए हेलमेट, रात्रि में तेज अथवा कम रौशनी में विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए हाई विजिबिलिटी वेस्ट एवं पैरों को सुरक्षित रखने के लिए सेफ्टी शूज का प्रयोग किया जाता है। यूपी मेट्रो के निर्माण स्थलों पर उंचाई पर काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा सेफ्टी बेल्ट का प्रयोग किया जाता है।

सेफ्टी पार्क में विभिन्न रंगों के हैलमेट को लेकर भी जानकारी दी गई है। यूपी मेट्रो द्वारा प्रयोग किए जाने वाले विभिन्न रंग के हैलमेट अलग-अलग जिम्मेदारी को दर्शाते हैं। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निर्माण स्थलों पर ये रंग के हेलमेट प्रयोग किए जाते हैं-

सफेद रंग– यूपी मेट्रो के कर्मचारियों द्वारा यूपीएमआरसी के आधिकारिक लोगो के साथ सफेद सेफ्टी हेलमेट का प्रयोग किया जाता है। वहीं, जनरल कंसलटेंट द्वारा कंपनी के लोगो के साथ भी सफेट रंग का प्रयोग किया जाता है।

हरा रंग– यूपी मेट्रो के निर्माण स्थलों पर हरे रंग के हेलमेट का कॉन्ट्रैक्टर टीम के सेफ्टी विभाग के कर्मचारियों द्वारा प्रयोग किया जाता है। ये कर्मचारी निर्माण स्थल पर कामगारों की सुरक्षा को सुनिश्चित करते हैं।

बैगनी रंग– निर्माण स्थलों पर बैगनी रंग का हेलमेट कॉन्ट्रैक्टर के कर्मचारियों द्वारा प्रयोग किया जाता है।

पीला रंग– यूपी मेट्रो के निर्माण स्थलों पर पीले रंग का हेलमेट कामगार (लेबर) द्वारा प्रयोग किया जाता है।

नारंगी रंग– आगरा मेट्रो के निर्माण स्थलों के पास तैनात ट्रैफिक मार्शल द्वारा नारंगी रंग के हेलमेट का प्रयोग किया जाता है।

लाल/नीला– आगरा मेट्रो निर्माण स्थलों पर बिजली एवं फायर फाइटिंग से संबंधित कामगारों द्वारा लाल अथवा नीले रंगे के हेलमेट का प्रयोग किया जाता है।

बता दें कि यूपी मेट्रो द्वारा आगरा मेट्रो प्रायॉरिटी कॉरिडोर के ऐलिवेटिड भाग में तीनों स्टेशन का सिविल निर्माण कार्य पूरा करने के बाद तेज गति के साथ भूमिगत भाग का निर्माण किया जा रहा है। जल्द ही भूमिगत भाग में टनल निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। प्रायॉरिटी कॉरिडोर के भूमिगत भाग के लिए रामलीला ग्राउंड में बनाए जा रहे लॉन्चिंग शाफ्ट से टनल बेरिंग मशीन को लॉन्च किया जाएगा।