आगरा से नोएडा जाती बस टैंकर से टकराई, आठ घायल

स्थानीय समाचार

आगरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर बुधवार शाम आगरा से नोएडा जा रही सवारियों भरी साहिबाबाद डिपो की एक बस मथुरा के निकट आगे चल रहे गैस के टैंकर से टकरा गई। दुर्घटना में आठ लोग घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर है। उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। टैंकर से गैस का रिसाव नहीं हुआ।

यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 67 पर आगरा से नोएडा जा रही साहिबाबाद डिपो की एक बस के आगे एक गैस टैंकर चल रहा था। अचानक बस पीछे से टैंकर से जा टकराई। टैंकर के पीछे का बाक्स लगा था, जो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसलिए गैस निकासी के नोजल को कोई हानि नहीं पहुंची।

दुर्घटना के बाद सवारियों में चीख पुकार मच गई। यात्री खून से लथपथ हो गए। पुलिस और यमुना एक्सप्रेस वे कर्मचारियों ने घायलों को बाहर निकाला।