आगरा: भाजपा पार्षद के बेटे और भतीजे ने की हर्ष फायरिंग, परिजन बोले वीडियो है पुराना

Crime

आगरा। थाना शाहगंज इलाके में बुधवार को लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो गया। वीडियो भाजपा की महिला पार्षद के बेटे और भतीजे का बताया गया है। दीपावली की रात हर्ष फायरिंग करने का दावा किया गया है। पार्षद के परिवारीजनों का कहना है वीडियो पुराना है।

शाहगंज के वार्ड 48 से सीमा देवी भाजपा पार्षद हैं। बुधवार को एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ, जिसमें दो युवक दिखाई दे रहे हैं। दोनों छत पर हैं, एक लाइसेंसी हथियार लोड करके साथी को दे रहा है, वह हवाई फायरिंग कर रहा है। इंटरनेट मीडिया में दावा किया गया कि वीडियो में फायरिंग करने वाला पार्षद का पुत्र है। वीडियो पुलिस तक पहुंचा, उसने पार्षद से जानकारी की। उन्होंने बताया कि लाइसेंसी से फायरिंग करने वाला उनका पुत्र नहीं भतीजा अभिषेक है।

अभिषेक के साथ मौजूद युवक उनका पुत्र है। उन्होंने बताया कि वीडियो दीपावली का नहीं है, यह एक वर्ष पुराना है। हर्ष फायरिंग की घटना भी अभिषेक के घर की छत की है। शस्त्र लाइसेंस अभिषेक के पिता विनोद के नाम पर है। इंस्पेक्टर शाहगंज जसवीर सिंह सिराेही के अनुसार वीडियो पुलिस तक आया है। मामले में पुलिस शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की आख्या भेजेगी।