आगरा: सड़क दुर्घटना में भाजपा नेता की बेटी और बल्केश्वर निवासी युवक की दुःखद मौत

स्थानीय समाचार

आगरा। भरतपुर में एक ट्रोला ने पीछे से कार में इतनी तेज टक्कर मारी कि वह कार आगे खड़े वहां से जा टकराई। कार दो वाहनों के बीच फंस गयी। उसमें सवार एक युवती और एक युवक की मौत हो गयी। युवती आगरा के भाजपा नेता कुलभूषण गुप्ता (निवासी नार्थ ईदगाह कॉलोनी) की बेटी प्रियंका गुप्ता है जबकि युवक सुरजीत चक्रवर्ती (निवासी बल्केश्वर) का पुत्र शांतनु चक्रवर्ती है।

घटना आज शुक्रवार शाम की है। प्रियंका के पिता कुलभूषण गुप्ता ने बताया कि 2 दिन पहले ही प्रियंका अपने इवेंट कंपनी के एक कार्यक्रम के सिलसिले में रणथंबोर गयी थी। प्रियंका गुप्ता और उसका दोस्त शांतनु लौट कर आगरा की तरफ आ रहे थे। भरतपुर में हलेना के पास उनकी कार टोल चुकाने के लिए खड़ी हुई थी। तभी पीछे से आते ट्रोला ने उनकी कार को रौंद दिया। दो वाहनों के बीच में उनकी कार फंस गई। जब तक उन्हें निकाला गया, दोनों की मौत हो चुकी थी।

हादसे की जानकारी होते ही आगरा के दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। दोनों ही परिवार भरतपुर के लिए रवाना हो गए। प्रियंका अपने परिवार में भाई बहनों में सबसे बड़ी थी। शुरू से ही इसमें कुछ अलग करने का जज्बा था जिसके चलते उसने अपनी खुद की इवेंट कंपनी बनाई थी।

प्रियंका गुप्ता रियलिटी शो इंडिया गोट टैलेंट सीजन 9 की फाइनलिस्ट रह चुकी थी। इंडिया गोट टैलेंट शो नेम फेम मिलने के बाद ही प्रियंका ने खुद की इवेंट कंपनी खोली थी। वहीँ मृतक युवक शांतनु चक्रवर्ती भी प्रियंका का अच्छा दोस्त था। प्रियंका के इवेंट कंपनी को आगे बढ़ाने में वह पूरा सहयोग कर रहा था। शांतनु के पिता सुरजीत चक्रवर्ती सामाजिक एवं धार्मिक कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।