रूस ने किया युद्ध का ऐलान, यूक्रेन में आपातकाल घोषित

INTERNATIONAL

रूस और यूक्रेन के बीच का तनाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। रूस की तरफ से अब यूक्रेन पर युद्ध का ऐलान किया जा चुका है। कभी भी रूस की तरफ से यूक्रेन पर हमला हो सकता है। इसी बीच पांच बम धमाकों की भी खबर आई है, जिसमें कई लोगों की मौत हो चुकी है। इसे लेकर यूक्रेन की संसद ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है। इससे पहले अमेरिका यूक्रेन को चेतावनी दे चुका है कि रूस की तरफ से 48 घंटों के अंदर यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला हो सकता है। यूक्रेन के आस-पास मौजूद रूस की करीब 80 फीसदी सेना हमले के लिए तैयार खड़ी है।

रूस के युद्ध के ऐलान के बाद यूक्रेन सरकार ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। यूक्रेन सरकार ने कहा है कि 30 दिन के इस आपातकाल के दौरान देश का हर वह शख्स को सेना में लड़ने लायक है, उसे देश की सेवा करते हुए अनिवार्य रूप से सेना को अपनी सेवाएं देनी होंगी। यूक्रेन के पास अभी करीब 2 लाख लोगों की सेना है। युद्ध की सुगबुगाहट के बीच बाइडन प्रशासन नॉर्ड स्ट्रीम 2 एजी कंपनी पर प्रतिबंध लगाने की सोच रहा है, जिसने रूस की नॉर्ड स्ट्रीम 2 गैस पाइपलाइन बनाई है। अमेरिका के एक अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि बाइडन इस संबंध में दिन में बाद में घोषणा कर सकते हैं।

अमेरिका की चेतावनी

अमेरिका ने यूक्रेन को चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे में रूस की तरफ से यूक्रेन पर हमला हो सकता है। चेतावनी में कहा है कि रूस ने हमला करने की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। एक दिन पहले ही रूसी संसद ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को विदेश में सैन्य तैनाती का पूरा अधिकार दिया था। खुद पुतिन ने कहा था कि वे डोनेट्स्क और लुहान्स्क को पीपुल्स रिपब्लिक घोषित करने के बाद उन्हें सैन्य सहायता प्रदान करने पर विचार कर रहे हैं। अमेरिका समेत पश्चिमी देशों ने रूस की इस हरकत पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए रूस के खिलाफ कई प्रतिबंधों का ऐलान किया है।

वहीँ रूसी राष्ट्रपति ने यूक्रेन के खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन का ऐलान करते हुए दूसरे देशों को बड़ी धमकी भी दी है। इसमें कहा गया है, ‘बाहर से जो कोई भी इसमें दखल देना चाहता है, अगर वह ऐसा करता है तो उसे ऐसे परिणाम भुगतने होंगे जो उसने इतिहास में पहले कभी नहीं भुगते होंगे। सभी जरूरी फैसले ले लिए गए हैं। आशा है आपने मुझे सुन लिया होगा।’

अपनी आपातकालीन स्पीच में पुतिन ने कहा कि यह विवाद हमारे लिए जीवन-मरण का सवाल है। उन्होंने (यूक्रेन) लाल रेखा को पार किया। वह बोले कि यूक्रेन नियो-नाजी का समर्थन कर रहा है, इसलिए हमने स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन शुरू किया है।

-एजेंसी