RSS की तुलना तालिबान से करने पर जावेद अख्तर को कोर्ट से नोटिस जारी

Entertainment

मुंबई। गीतकार जावेद अख्तर को मंगलवार 28 सितंबर 2021 को कोर्ट से झटका लगा है। ठाणे के एक कोर्ट ने जावेद अख्तर को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 1 रुपये के मानहानि के दावे पर भेजा गया है।

जावेद अख्तर ने अपने एक बयान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ RSS की तुलना तालिबान Taliban से की थी। इसके बाद ठाणे के कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया गया था।

जावेद अख्तर पर यह मुकदमा आरएसएस के एक ऐक्टिविस्ट विवेक चंपनेकर किया है। उन्होंने इस मानहानि के दावे में जावेद अख्तर से केवल एक रुपया हर्जाना मांगा है। कोर्ट ने 12 नवंबर को वापस करने योग्य नोटिस जारी करने का आदेश दिया। जावेद अख्तर ने एक महीने पहले एक न्यूज चैनल पर कहा था, ‘तालिबान एक इस्लामिक देश चाहते हैं। ये लोग यहां हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं।’ हालांकि इस बयान में जावेद अख्तर ने कहीं भी आरएसएस का नाम नहीं लिया था।

शिकायतकर्ता की ओर से पेश हुए वकील आदित्या मिश्रा ने कोर्ट में दलील दी कि जावेद अख्तर ने आरएसएस पर अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि अख्तर ने बर्बर तालिबान की तुलना हिंदुओं की भलाई के लिए काम कर रहे संगठन से की है जो इसे बदनाम करना है। शिकायतकर्ता ने कहा कि जावेद अख्तर आम लोगों की नजरों में आरएसएस की छवि को खराब करना चाहते हैं।

-एजेंसियां