आगरा: रामलीला कमेटी के श्रृंगार प्रभारी रवि गोस्वामी का निधन

स्थानीय समाचार

आगरा: नगर की मुख्य श्रीराम लीला कमेटी ने अपना एक और रत्न खो दिया है। करीब पचास वर्षों तक कमेटी में सक्रिय रहे उपमंत्री व श्रृंगार प्रभारी रवि गोस्वामी का शनिवार को निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। रवि गोस्वामी पिछले तीन माह से अत्यधिक अस्वस्थ चल रहे थे।

मूलतः खालसा गली रावतपाड़ा निवासी रवि गोस्वामी करीब दो दशक से शमशाबाद मार्ग पर निवास कर रहे थे। वे रामलीला कमेटी से वर्ष 1972-73 से जुड़े हुए थे। इस अंतराल में उन्हें काम के सिलसिले में करीब दस साल मुंबई भी रहना पड़ा। उनका रामलीला के प्रति समर्पण भाव ही था कि वे मुंबई से भी हर साल एक माह का अवकाश लेकर यहां आते थे और रामलीला में स्वरूपों की सेवा करते थे। मुंबई से स्थाई रूप से लौटने के बाद भी उनकी सेवाएं जारी रहीं। उनके चाचा स्वर्गीय राजेन्द्र गोस्वामी उन्हें रामलीला में स्वरूपों के श्रंगार कार्य से जोड़ा था। इसके बाद उनकी ऐसी लगन लगी कि फिर छूटी ही नहीं। शारीरिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण इस बार वे रामलीला में उपस्थिति दर्ज नहीं करा पाये। अन्यथा पिछले वर्ष हुए राज्याभिषेक समारोह में भी उन्होंने भागीदारी की थी।

रवि गोस्वामी ने अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियों और एक पुत्र का भरा-पूरा परिवार छोड़ा है। श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों ने उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धाजंलि दी। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में शुरू हुए कोरोना काल के बाद रामलीला कमेटी को एक दर्जन से अधिक पदाधिकारियों का बिछोह झेलना पड़ा है।