राजस्‍थान के दिग्गज कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी को ब्रेन हेमरेज, वेंटिलेटर पर रखा

Politics

रामेश्वर डूडी की बिगड़ी तबीयत

बताया जा रहा कि रामेश्वर डूडी की तबीयत रविवार सुबह अचानक बिगड़ गई। वो अपने घर पर ही बेहोश होकर गिर गए। तुरंत ही परिजन उन्हें जयपुर के मानसरोवर स्थित मंगलम प्लस हॉस्पिटल लेकर गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर्स तुरंत जांच में जुट गए। इसी दौरान पता चला कि डूडी को ब्रेन हेमरेज हुआ है। बताया जा रहा है कि रामेश्वर डूडी के ब्रेन की मिड लाइन में 17 MM का डैमेज हुआ है। तुरंत ही उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया।

सुबह अचानक घर पर गिर गए

इस बीच खबर ये भी आ रही कि रामेश्वर डूडी को सवाई मान सिंह अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी हो रही। ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें एसएमएस अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा। इस बीच सवाई मान सिंह अस्पताल की सीनियर डॉक्टर्स भी मंगलम प्लस हॉस्पिटल पहुंचे। रामेश्वर डूडी की तबीयत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सीएम अशोक गहलोत खुद सूचना मिलते ही डूडी का हाल जानने अस्पताल पहुंच गए।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं डूडी

रामेश्वर डूडी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में रहे हैं। वो साल 2013 से लेकर 2018 तक राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। वसुंधरा राजे की सरकार के दौरान उन्होंने ये जिम्मेदारी संभाली। अभी वो राजस्थान एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलमेंट बोर्ड अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही सीएम गहलोत अस्पताल पहुंचे। उनके निर्देश पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर डूडी को SMS अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।

Compiled: up18 News