आगरा में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, नाले मारने लगे उफान, कई इलाकों में भरा पानी

स्थानीय समाचार

आगरा में सोमवार शाम को हुई मानसून से पहले हुई झमाझम बारिश ने ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। आधे घंटे की बारिश में शहर के कई इलाके पानी से लबालब हो गए। नालों का गंदा पानी घरों में भर गया। इससे लोगों के घर में पानी भर गया। बारिश के चलते हुए जलभराव के कारण शहर में कई जगह जाम लग गया। वहीं, बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।

नाले उफान मारने लगे, हो गया जलभराव

आगरा में सोमवार शाम चार बजे अचानक मौसम ने करवट ली। काले बादल छाए और इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 45 मिनट तक बारिश हुई। बारिश बंद होने के शहर में जगह-जगह पर जलभराव हो गया। शहर के पॉश कॉलोनी विजय नगर, गांधी नगर, कमला नगर, लॉयर्स कॉलोनी, रामबाग, लगंडे़ की चौकी, ट्रांस यमुना कॉलोनी, शाहदरा सहित तमाम जगह पर जलभराव हो गया। लंगडे़ की चौकी नाला उफानने लगा, इससे नाले का गंदा पानी लोगों के घर में घुस गया। लोगों को बाल्टी से पानी घर से बाहर निकालना पड़ा।

शहर में लग गया जाम

बारिश के बाद जलभराव के चलते शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति भी बन गई। रामबाग चौराहे पर जाम के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इसी तरह सुल्तानगंज पुलिया पर भी जाम की स्थिति बन गई।

सिल्ट नालों में बह गई

नगर निगम द्वारा मानसून से पहले नालों की सफाई की जा रही है। ऐसे में सिल्ट निकालकर सड़क पर ही छोड़ दी गई है। बारिश होने के बाद सिल्ट बारिश के पानी के साथ बहकर फिर से नालों में समा गई।

बिजली हुई गुल

बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। टोरेंट की टीम फॉल्ट को सही करने में जुटी है। ट्रांस यमुना कॉलोनी में रात सवा 10 बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारू होने का टोरेंट का मैसेज आया है।