भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 अभियान के अंतिम चरण को लेकर नई जानकारी सार्वजनिक की है. इसरो ने ट्वीट किया है कि अभियान तयशुदा कार्यक्रम के तहत चल रहा है और उपग्रह का सुचारू रूप से जाना जारी है. इसरो ने ट्वीट किया, “मिशन ऑपरेशंस कॉम्पलेक्स (एमओएक्स) ऊर्जा और उत्साह से भरपूर है.”
इसके आगे इसरो ने बताया है कि लैंडिंग ऑपरेशन का लाइव टेलीकास्ट 23 अगस्त 2023 की शाम 5.20 बजे से शुरू होगा. साथ ही इसरो ने लैंडर से 19 अगस्त 2023 को 70 किलोमीटर की दूरी से चंद्रमा की ली गईं तस्वीरें भी जारी की हैं. इन तस्वीरों को लैंडर पोज़िशन डिटेक्शन कैमरा (एलपीडीसी) से लिया गया है.
लैंडिंग में समस्या हुई तो क्या है प्लान बी
चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ़्ट लैंडिंग करने से बस कुछ घंटे ही दूर है, लेकिन इससे पहले इसरो के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा है परिस्थितियां अनुकूल होने पर ही लैंडिंग होगी वरना 27 अगस्त को लैंडिंग की नई कोशिश की जाएगी.
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए इसरो के वैज्ञानिक नीलेश एम देसाई ने कहा, “ चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने से दो घंटे पहले हम लैंडर मॉड्यूल की सेहत और चंद्रमा पर स्थितियों के आधार पर ये निर्णय लेंगे कि उस समय इसे उतारना सही होगा या नहीं. अगर कोई भी परिस्थिति हमें प्रतिकूल लगेगी तो हम 23 को लैंडिंग ना करके 27 अगस्त को लैंडिंग की नई कोशिश करेंगे.”
हालांकि वैज्ञानिक ने इस बात को लेकर विश्वास जताया कि मिशन का लैंडर मॉड्यूल विक्रम कार्यक्रम के मुताबिक़ चंद्रमा की सतह पर पहुंच जाएगा. लेकिन अगर ऐन मौके पर परिस्थितियों में बदलाव लाया तो स्पेस सेंटर लैंडिंग रोक देगा.
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक़ 23 अगस्त को शाम पांच बजे के बाद इसरो चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर उतारने की तैयारी कर रहा है. 40 दिनों की लंबी यात्रा के बाद चंद्रयान-3 का लैंडर सतह पर उतरने की तैयारी करेगा. लेकिन इसकी सबसे अहम प्रक्रिया लैंडिंग की है, जो बहुत नाज़ुक और जटिल है.
क्या बोले यूपी के डिप्टी सीएम, बाबरी मस्जिद के पूर्व मुद्दई, सपा सांसद एमटी हसन
चंद्रयान-3 अभियान को लेकर लगातार एक ओर जहां आम और ख़ास लोगों के बयान आ रहे हैं वहीं इसकी सफलता को लेकर प्रार्थनाएं और हवन भी हो रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हिंदुस्तान के लिए निश्चित तौर पर यह गर्व का विषय है.
“पूरा देश प्रार्थना कर रहा है और मुझे पूरा विश्वास है कि प्रार्थना परिणाम लाएगी और चंद्रयान-3 चांद पर तिरंगा फहराने में सफल रहेगा.”
बाबरी मस्जिद मामले में पूर्व मुद्दई (याचिकाकर्ता) रहे इक़बाल अंसारी ने चंद्रयान-3 अभियान की सफलता के लिए दुआ मांगी है.
उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि ‘हम अल्लाह से दुआ करते हैं कि हमारे देश के वैज्ञानिक इतना आगे बढ़ जाएं कि जब अलग-अलग देश के लोग वहां जाएं तो पहले से वहां तिरंगा मौजूद हो.’
समाजवादी पार्टी के सासंद एसटी हसन ने कहा कि ‘हमें पूरी उम्मीद है परवरदिगार से कि हमारा चंद्रयान मिशन पूरा होगा. मैं सभी वैज्ञानिकों को अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं कि वो बहुत बड़ा काम करने जा रहे हैं.’
अभियान पर सांसद संजय राउत का क्या है कहना
चंद्रयान-3 मिशन को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कहा है कि इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “ये देश के लिए बड़ी बात है जिस पर कोई राजनीति लड़ाई नहीं होनी चाहिए. सालों से इस प्रोजेक्ट पर हमारे वैज्ञानिक ख़ून-पसीना बहा रहे हैं.”
“इस सबका श्रेय वैज्ञानिकों को देना चाहिए इसका श्रेय किसी राजनीतिक दल को नहीं देना चाहिए.”
“कोई मंत्री वहां (अभियान में) जाकर बैठा था क्या? ये उनका (वैज्ञानिक) काम है और हमारा काम उनका समर्थन करना है.”
Compiled: up18 News