प्रयागराज: डिप्टी सीएमओ सुनील सिंह ने होटल के कमरे में की आत्महत्‍या

Regional

डिप्टी सीएमओ सुनील सिंह इस समय संचारी रोग अभियान के नोडल अधिकारी का कार्यभार संभाल रहे थे। उनकी आत्महत्या की खबर ने सीएमओ कार्यालय के तमाम अधिकारियों को हैरान कर दिया है। उनके आत्महत्या के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार सुनील सिंह पिछले दिनों में घरेलू कलह के कारण परेशान चल रहे थे। ऐसे में उनकी आत्महत्या ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जांच के बाद ही इस विषय में अधिक जानकारी आने की बात कही जा रही है।

फांसी के फंदे से लटकता मिला शव

प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित होटल विट्‌ठल में डिप्टी सीएमओ सुनील कुमार सिंह का शव लटकता मिला। होटल के कर्मचारियों ने सबसे पहले उन्हें फांसी के फंदे से लटकता देखा। घटना की जानकारी तुरंत सीएमओ को दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी सीएमओ डॉ. अशोक कुमार और अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

वाराणसी के रहने वाले थे डिप्टी सीएमओ

डिप्टी सीएमओ डॉ. सुनील कुमार सिंह मूल रूप से वाराणसी जिले के रहने वाले थे। वे प्रयागराज के सीएमओ कार्यालय में पदस्थापित थे। मूल रूप से उनका घर वाराणसी के पांडेयपुर था। उनकी पत्नी भी पेशे से डॉक्टर हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हत्या की भी आशंका जताई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद आधिकारिक बयान सामने आने की बात कही जा रही है।

Compiled: up18 News