लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक नया और तीखा कटाक्ष किया है। योगी सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के कई शहरों और स्टेशनों के नाम बदलने के पुराने ट्रैक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए अखिलेश ने चुटकी ली है। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि जापान वालों को अब अपने देश के नाम की चिंता करनी चाहिए।
”नाम बदलने में एक्सपर्ट हैं मुख्यमंत्री”
सीएम योगी के जापान में बुलेट ट्रेन के सफर और वहां मिल रहे स्वागत के बीच अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “हमारे मुख्यमंत्री नाम बदलने में एक्सपर्ट हैं। मुझे तो डर है कि कहीं जापान वाले इस बात से घबरा न जाएं कि योगी जी वहां जाकर जापान का नाम भी बदलकर ‘आदित्यपुर’ या ‘आदित्यपुरम’ न कर दें।”
शहरों के नाम बदलने पर पुरानी रार
अखिलेश यादव का यह बयान योगी सरकार की उस कार्यशैली पर निशाना है, जिसके तहत इलाहाबाद को प्रयागराज, फैजाबाद को अयोध्या और मुगलसराय स्टेशन को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जैसे नए नाम दिए गए। अखिलेश अक्सर भाजपा सरकार पर विकास के बजाय केवल प्रतीकों और नामों की राजनीति करने का आरोप लगाते रहे हैं।
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
जहां एक ओर सीएम योगी जापान में 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू (MoU) साइन कर रहे हैं और 501 किमी/घंटा की रफ्तार वाली मैग्लेव ट्रेन का अनुभव साझा कर रहे हैं, वहीं अखिलेश के इस ‘आदित्यपुरम’ वाले बयान ने सोशल मीडिया पर मीम्स और चर्चाओं की बाढ़ ला दी है। सपा और भाजपा समर्थकों के बीच अब इस पर जुबानी जंग तेज हो गई है।

