लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासत का पारा तेजी से चढ़ गया है। गुरुवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए राजनीतिक गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ (SPM) के गठन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस महत्वपूर्ण मौके पर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
’सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के नाम से उतरा नया गठबंधन
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “आज आपके सामने जो यह राजनीतिक तस्वीर पेश की जा रही है, उसका नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ है। इस मोर्चे में मुख्य रूप से अभी दो प्रमुख दल शामिल हैं—एक आजाद समाज पार्टी और दूसरा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन।” इस दौरान उनके साथ मंच पर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, सुनील कुमार चित्तौड़, रामेश्वर पवन, डॉ. मसूद और यशवंत मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार
गठबंधन के ऐलान के दौरान एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक बड़ा सियासी कार्ड खेलते हुए ऐलान किया कि इस नए मोर्चे (SPM) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार उनके छोटे भाई चंद्रशेखर आजाद होंगे।
ओवैसी ने कहा, “जैसा कि आप सभी जानते हैं कि चंद्रशेखर आजाद ने अभी एसपीएम (SPM) के गठन का ऐलान किया है और हमारी पार्टी इसका पूरी ताकत से हिस्सा रहेगी। उन्होंने इसकी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है। मुझे पूरे यकीन के साथ यह कहते हुए बेहद खुशी हो रही है कि यह मोर्चा उत्तर प्रदेश में एक मजबूत और धारदार विकल्प साबित होगा, जो भारतीय जनता पार्टी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए पूरी शिद्दत से काम करेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि जिस समाज से वह और चंद्रशेखर आजाद आते हैं, तथा देश-प्रदेश के जितने भी पिछड़े, शोषित और दबे-कुचले लोग हैं चाहे उनका ताल्लुक किसी भी जाति या वर्ग से क्यों न हो उन्हें अभी तक केवल चुनावी ‘वोटर’ के रूप में ही इस्तेमाल किया गया है। अब समय आ गया है कि उन्हें उनकी वास्तविक राजनीतिक हिस्सेदारी मिले। बदलाव की जो असल बयार होगी, वह जनाब चंद्रशेखर आजाद के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही धरातल पर उतरेगी और हम सब मिलकर उन तमाम संकल्पों को पूरा करेंगे।
किश्तवाड़ की आतंकी घटना पर जताई कड़ी चिंता
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में हुई आतंकी वारदात पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, “मैं बीजेपी के लोगों से पूछना चाहता हूँ कि कल जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में हमारे दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों (SPOs) की आतंकवादियों ने कायराना तरीके से हत्या कर दी। वे इस पर क्यों नहीं बोल रहे हैं? वहाँ आखिर क्या हो रहा है? हमारी पार्टी इस घिनौनी घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है।”

