आगरा। आगरा में रविवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और जैतपुर क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं ने यात्रियों और स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। तेज रफ्तार और अचानक सामने आए अवरोधों के कारण ये हादसे हुए।
एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में दो घायल
पहला हादसा थाना फतेहाबाद क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 25.600 पर हुआ। गोरखपुर से दिल्ली की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची यूपीडा (UPEIDA) की सुरक्षा टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दिल्ली निवासी मनीष और राकेश को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारु किया गया।
पशु को बचाने के चक्कर में ट्रक खंभे से टकराया
दूसरी घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के नटहौली गांव के पास हुई। यहां सड़क पर अचानक एक पशु के आने से ट्रक चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया।
टक्कर कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा पूरी तरह टूट गया। गनीमत रही कि पास में मौजूद मकान और दुकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से बच गया। हालांकि, दुकान के बाहर लगा टिन शेड ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, समय रहते बड़ा हादसा टल गया, वरना जनहानि हो सकती थी।
लगातार बढ़ते हादसों पर चिंता
क्षेत्र में आए दिन हो रहे इन सड़क हादसों ने सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे और मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालक न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। प्रशासन से इन क्षेत्रों में नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।


