आगरा में रोजगार की सौगात: 19वें रोजगार मेले में 213 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने की शिरकत

स्थानीय समाचार

​आगरा। केंद्र सरकार की रोजगार सृजन नीति के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल द्वारा आगरा कैंट स्थित ‘उल्लास रेलवे अधिकारी क्लब’ में 19वें रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। देशभर के 47 केंद्रों पर आयोजित इस मेले के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।

​आगरा में 213 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

आगरा केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में 213 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इन युवाओं का चयन विभिन्न सरकारी विभागों में हुआ है, जिनमें प्रमुख रूप से ​रेलवे विभाग में 101 अभ्यर्थी, वित्तीय सेवाएं विभाग में 58 अभ्यर्थी, गृह मंत्रालय 23 अभ्यर्थी, उच्च शिक्षा (अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय) में 16 अभ्यर्थी, डाक विभाग में 15 अभ्यर्थी का चयन हुआ उनको नियुक्ति पत्र दिया गया।

राष्ट्र सेवा और ईमानदारी का संकल्प

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने चयनित युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार कर रहा है। मंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, “अब आप सरकारी सेवा का हिस्सा बन गए हैं, इसलिए आपको पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।”

​विकसित भारत 2047 का लक्ष्य

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवाओं में आप सभी का चयन ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को पूरा करने में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सरकार की प्राथमिकता युवाओं को सशक्त बनाना और रोजगार के अवसर पैदा करना है। देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने हजारों परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य किया है।