आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग रविवार को रमाना ग्रैंड, प्रतापपुरा में संपन्न हो गया। समापन के अंतिम दिन विभिन्न सत्रों में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, तकनीकी कौशल और चुनाव प्रबंधन के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।
प्रशिक्षण में तकनीक और संवाद पर जोर
प्रशिक्षण के दूसरे दिन अष्टम सत्र में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हेमेंद्र शर्मा ने कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के ‘माइक्रो मैनेजमेंट’ की बारीकियां समझाईं। वहीं, नवम सत्र में राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने मीडिया प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की, जबकि प्रदेश सह-संयोजक (सोशल मीडिया) गौरव वार्ष्णेय ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की गुणवत्ता और उसके प्रभाव को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। दसवें सत्र में क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल ने कार्यकर्ता के दायित्व निर्वहन और ईमानदारी से पार्टी अभियानों में योगदान पर प्रकाश डाला।
’जनसंघ से भाजपा तक’ की विकास यात्रा
अंतिम और 11वें सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी तक की गौरवशाली विकास यात्रा को साझा किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार ही संगठन की प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा, “भाजपा का जन्म राष्ट्रवाद की अलख जगाने के लिए हुआ है। जातिवाद और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना ही हमारा मूलमंत्र है।”
उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों जैसे पोखरण विस्फोट, ग्रामीण सड़क योजना और कारगिल युद्ध में लिए गए निर्णयों के माध्यम से जनता में बढ़े विश्वास पर विस्तार से बात की।
आभार और सक्रिय भागीदारी
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और विशेषकर मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों और दायित्वों के लिए और अधिक सक्षम बनाएगा।
इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, शिव शंकर शर्मा, प्रमोद गुप्ता, भानु महाजन, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल सहित पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


