अब ‘ट्रक यात्रा’ करने निकले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, ट्रक चालकों से की बात

Politics

अलग अंदाज में नजर आए राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार सुबह एक अलग अंदाज में नजर आए। राहुल गांधी दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिये ट्रक से अंबाला पहुंचे और फिर वहां पर उन्होंने एक गुरुद्वारे में माथा टेका। बाद में अंबाला से शिमला के लिए रवाना हुए।

दिल्ली से चंडीगढ़ तक ट्रक में किया सफर

कर्नाटक की सियासी थकान और मैदानों में पड़ रही भारी गर्मी से राहत पाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचे हैं। यह उनका निजी दौरा है। यहां पर वह अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के घर में रुके हैं। प्रियंका गांधी ने शिमला के छराबड़ा में घर बनाया है।

ट्रक चालकों की समस्या को जाना

दिल्ली से चंडीगढ़ तक ट्रक में सवार होकर आए राहुल गांधी ने ट्रक चालकों की समस्या को समझने की कोशिश की। उन्होंने ट्रक चालकों से उनकी समस्याओं पर बात भी की।

कांग्रेस ने शेयर किया वीडियो

कांग्रेस ने राहुल गांधी का ये वीडियो अपने फेसबुक और ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि राहुल गांधी ट्रक ड्राइवर्स की समस्या जानने उनके बीच पहुंचे और उन्होंने उनके साथ दिल्ली से चंडीगढ़ तक का सफर किया।

बहन प्रियंका के घर पहुंचे राहुल

फिलहाल, राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के घर शिमला पहुंचे हैं। कांग्रेस ने हिमाचल में सरकार बनने के बाद अब ओपीएस बहाल कर दी है। इसी के चलते अब प्रदेश के कर्मचारियों ने धर्मशाला में आभार रैली रखी है, जिसमें सीएम सुक्खू शामिल होंगे। चर्चाए हैं कि इस रैली में राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं।

Compiled: up18 News