सिर्फ सेमिनार नहीं, अब मैदान पर दौड़ेंगी बेटियां: अस्मिता पोर्टल के शुभारंभ पर बोले केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल

स्थानीय समाचार

आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को आगरा का एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम ऊर्जा और उत्साह के रंगों में सराबोर नजर आया। ‘माय भारत’ (MY Bharat) और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘अस्मिता पोर्टल’ के अंतर्गत भव्य ‘अस्मिता लीग’ महिला दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।

मैदान पर उतरा 1000 बेटियों का जज्बा

​जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर से आई लगभग 1000 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 100, 200 और 400 मीटर की दौड़ स्पर्धाओं को अंडर-13, अंडर-18 और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्गों में विभाजित किया गया था। स्टेडियम में मौजूद भारी भीड़ और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच बेटियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

​”स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क”: केंद्रीय मंत्री का संबोधन

अपने संबोधन में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक सेमिनार नहीं है, बल्कि बालिकाओं को अपनी क्षमता साबित करने का एक वास्तविक मंच है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है और स्वस्थ मस्तिष्क से ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है।”

उन्होंने महिला आरक्षण (33%) का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या ऐतिहासिक होगी। उन्होंने तीन तलाक की समाप्ति, पैरामिलिट्री फोर्सेस में भर्ती और पंचायत चुनावों में 50% आरक्षण जैसे क्रांतिकारी कदमों को महिला सशक्तिकरण का आधार बताया।

उन्होंने उदाहरण दिया कि अमेरिका जैसे पुराने लोकतंत्र में अब तक कोई महिला राष्ट्रपति नहीं बनी, जबकि भारत में महिलाएं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और वित्त मंत्री जैसे सर्वोच्च पदों को सुशोभित कर चुकी हैं।

ट्रैक के विजेता: जिन्होंने हासिल किया मुकाम

​प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में बेटियों ने कड़ा मुकाबला किया:

​अंडर-13 (400 मीटर): आराध्या ने प्रथम, मित्थी चौधरी ने द्वितीय और आराध्या (अन्य) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

​अंडर-18 (200 मीटर): सोनम ने प्रथम, कल्पना ने द्वितीय और खुशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

​18+ वर्ग (400 मीटर): नवसीन जोसेफ ने पहला, अनी त्यागी ने दूसरा और अर्पिता ने तीसरा स्थान पाया।

लेमन स्पून रेस: आराध्या प्रथम, मिस्टी द्वितीय और हिमांशी तृतीय रहीं।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी सविता श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी बिजेंद्र कुमार सहित एथलीट साहिल कुमार, राजेंद्र शर्मा, अंकित और आशा रानी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने समापन पर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए बेटियों से निरंतर खेलों से जुड़े रहने का आह्वान किया।