निक्की तंबोली का ‘पावर गेम’: रियलिटी शो ‘50’ में आत्मसम्मान को बनाया अपनी रणनीति, पहले ही दिन खींची अलग लकीर

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग): रियलिटी शोज़ की दुनिया में अक्सर गेम प्लान का मतलब समझौते, गठजोड़ और मौके के हिसाब से बदले रुख से लगाया जाता है। लेकिन ‘50’ के मंच पर निक्की तंबोली ने शुरुआत ही अलग अंदाज़ में की। घर में कदम रखते ही उन्होंने साफ कर दिया कि उनका खेल दूसरों को खुश करने या समीकरण बिठाने का नहीं, बल्कि अपने उसूलों पर टिके रहने का होगा।

पहले दिन से ही निक्की का रवैया स्पष्ट रहा। जहां दूसरे कंटेस्टेंट माहौल भांपने और रिश्तों की गणित समझने में जुटे दिखे, वहीं उन्होंने बिना लाग-लपेट अपनी बात रखी। उन्होंने यह जताया कि उनके लिए लोकप्रियता से ज्यादा मायने आत्मसम्मान रखते हैं।

निक्की ने न तो अपनी राय बदली, न ही दबाव में आकर शब्दों को मुलायम किया। उनके फैसलों में साफगोई दिखी, और यही बात उन्हें भीड़ से अलग करती है। वह जानती हैं कि नेतृत्व का मतलब सबको साथ लेकर चलना भर नहीं, बल्कि सही बात पर डटे रहना भी है, चाहे वह राह आसान न हो।

इस गेम में जहां चुप रहना समझदारी और समझौता रणनीति माना जाता है, निक्की ने उल्टा रास्ता चुना है। उन्होंने आत्मसम्मान और ईमानदारी को ही अपना गेम प्लान बना लिया है। उनका संदेश साफ है वह माहौल के मुताबिक खुद को बदलने नहीं, बल्कि अपनी पहचान को मजबूत करने आई हैं।

‘50’ में उनकी यह शुरुआत इशारा देती है कि आगे का सफर भी सीधा और बेबाक रहने वाला है। वह यहां सिर्फ टिकने नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर खेलते हुए आगे बढ़ने आई हैं। यही तेवर उन्हें इस सीज़न के सबसे चर्चा में रहने वाले चेहरों में शामिल कर सकता है।