आगरा: ट्रेन के इंजन में फंसने से हुई राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, विधि विधान से अंतिम संस्कार की तैयारी

स्थानीय समाचार

आगरा: जब सभी लोग होली पर्व की खुशियों में सराबोर थे। होलिका के पूजन का दौर चल रहा था। उस समय जीआरपी आगरा कैंट राष्ट्रीय पक्षी मोर के अंतिम संस्कार की तैयारियां कर रही थी। जीआरपी आगरा कैंट की ओर से मृतक राष्ट्रीय पक्षी मोर को तिरंगे में लपेटा गया और उसके विधिवत अंतिम संस्कार की सारी प्रक्रिया पूरी की गयी, साथ ही इस संबंध में वन विभाग को भी जानकारी दी गई।

ट्रेन की इंजन में फंसने से हुई मौत

जीआरपी आगरा कैंट के अनुसार राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत दिल्ली से आने वाली एक ट्रेन के इंजन में फंसने से हुई थी जिसकी जानकारी हुई तो जीआरपी मौके पर पहुंच गए। राष्ट्रीय पक्षी मोर को बाहर निकाला और उसके शव थाने ले आई। बताया जाता है कि राष्ट्रीय पक्षी मोर इंजन के ऊपर फंस गया था जिससे उसकी मौत हो गई।

किया जाएगा अंतिम संस्कार

जीआरपी आगरा कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि राष्ट्रीय पक्षी के शव को तिरंगा से लपेटा गया है और राष्ट्रीय पक्षी मोर की इंजन में फंसने से मौत होने की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है। विधि विधान से जो अंतिम संस्कार होता है उसकी प्रक्रिया की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों के आ जाने के बाद राष्ट्रीय पक्षी मोर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।